बैंक कर्मियों की हड़ताल, 40 करोड़ का लेनदेन प्रभावित
मांगे न मानने से नाराज बैंक कर्मियों ने की हड़तालमांगेहड़तालमांगे न मानने से नाराज बैंक कर्मियों ने की
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : बारह सूत्री मांगे न मानने से नाराज बैंक अधिकारी व कर्मचारियों ने शुक्रवार को हड़ताल कर दी। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले केंद्र सरकार व आइबीए के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बैंकिंग कामकाज ठप होने से जिले में करीब 40 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। साथ ही कैश लेन देन के लिए पहुंचे लोगों को काफी परेशानी हुई।
बैंक अधिकारी व कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शुक्रवार को सहकारी बैंकों को छोड़कर अन्य सभी बैंकों में कामकाज ठप रहा। यूनाईटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस के बैनर तले इलाहाबाद बैंक के मंडलीय कार्यालय पर चल रही हड़ताल में शामिल ऑल इंडिया इलाहाबाद बैंक ऑफीसर्स एसोसिएशन के राज्य उपाध्यक्ष व सह मंडल सचिव सुनील कुमार यादव ने कहा कि आइबीए को 12 सूत्रीय मांग पत्र दिया गया था। जिसे सिरे से खारिज कर दिया गया। अधिकारी व कर्मचारी दबाव में काम कर रहे है। वेतन व सुविधाओं के नाम पर सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। कर्मचारी संगठन के जिला मंत्री अनुराग पांडेय ने भी विरोध जताया। डिप्टी एलडीएम इलाहाबाद बैंक सुनील यादव ने बताया कि हड़ताल के चलते जिले में 40 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। मांग नहीं मानी जाती तो 11 से 13 मार्च को हड़ताल करते हुए विरोध प्रदर्शन करेंगे। उसके बाद एक अप्रैल से राष्ट्रव्यापी अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जाएंगे।
मायूस लौटे ग्राहक
मुख्यालय की स्टेट बैंक पहुंची कालपी चौराहा निवासी गीता सिंह ने बताया कि उन्हें अपने रिश्तेदार को रुपये भेजने के साथ पास बुक ठीक करानी थी। लेकिन कोई काम नहीं हो सका। इसके अलावा हेलापुर गांव निवासी वृद्ध रामअवतार अपने भतीजे के साथ स्टेट बैंक पहुंचा लेकिन हड़ताल के चलते उसे मायूस लौटना पड़ा। उसने बताया कि 12 फरवरी को उसकी बेटी की शादी है। जिसके लिए वह रुपये निकालने आया था।