पत्नी को मायके से बुलाने की बात कर रहा था युवक, संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत Gorakhpur News
गांव के जियावन के बेटे अरविंद की शादी पड़ोसी प्रांत बिहार के सिवान जनपद में 27 फरवरी को हुई थी। वह अपनी पत्नी को बुलाने को कह रहा था लेकिन परिजन तैयार नहीं थे।
गोरखपुर, जेएनएन। देवरिया जिले के बनकटा थाना क्षेत्र के सोहनपुर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में थे, इस बीच पुलिस पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया।
फरवरी में हुई थी शादी
गांव के जियावन के बेटे अरविंद की शादी पड़ोसी प्रांत बिहार के सिवान जनपद में 27 फरवरी को हुई थी। पत्नी कुछ दिन रहने के बाद अपने मायके चली गई। परिजनों के अनुसार इसके बाद से ही वह अपनी पत्नी को बुलाने को कह रहा था, लेकिन परिजन अरविंद की बात मानने को तैयार नहीं थे, जिससे वह अवसाद में था। हालांकि परिजन इसे आत्महत्या बता रहे हैं।
बागीचे में फंदे से लटका मिला युवक का शव
देवरिया जनपद के ही बघौचघाट थाना क्षेत्र के ग्राम तिरमासाहुन के बिरती टोला निवासी सुनील तिवारी (36) का शव शुक्रवार को बागीचे में लटका मिला। शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष राममोहन सिंह ने बताया कि युवक ने आत्महत्या की है। घटना के पीछे गृह कलह बताया जा रहा है।
कुएं से मिला युवती का शव, हत्या की आशंका
देवरिया के सदर थाना क्षेत्र के पुरैनी गांव के समीप स्थित एक कुएं से सुबह एक युवती का शव पुलिस ने बरामद किया। मौके पर पहुंचे लोगों ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लग सकी। लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ भी कहने की बात कह रही है। गांव के लोग कुएं की तरफ गए थे, इस बीच उन्हें कुएं से बदबू आने का अहसास हुआ, जब वह कुएं के पास गए तो अंदर का नजारा देख दंग रह गए। उसमें एक युवती की लाश पड़ी थी, जो कई दिन पूर्व की प्रतीत हो रही थी। यह बात तेजी से क्षेत्र में फैली और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। लोगों ने बताया कि उसके हाथ बंधे थे। हत्या कर शव को लाकर फेंकने की संभावना व्यक्त की जा रही है। थानाध्यक्ष जयंत ङ्क्षसह ने कहा कि जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।