युवती के बेडरूम में मिला युवक का शव, हत्या की आशका
युवती के बेडरूम से ही पुलिस ने युवक का शव बरामद किया है। प्रेम संबंध में हत्या किए जाने की चर्चा है। पुलिस जांच कर रही है।
गोरखपुर, जेएनएन। संतकबीर नगर जिले के मेहदावल थाना क्षेत्र के हरपुर निवासी गुरु प्रसाद त्रिपाठी के घर पर 30 वर्षीय दीपक त्रिपाठी नामक युवक का शव मिला। खास बात यह है कि उसका शव युवती के बेडरूम में मिला है।
इसी जनपद के बखिरा थाना क्षेत्र के बेलहर कला गांव निवासी दीपक त्रिपाठी मेहदावल कस्बा निवासी अपने मामा कैलाश त्रिपाठी के घर रहकर उनके व्यापारिक कार्य में सहयोग करता था। वह काफी मिलनसार था। इसी दौरान हरपुर गांव निवासी गुरु प्रसाद के घर आना जाना हुआ। आने जाने के क्रम में दीपक त्रिपाठी उनके घर पर रात में ठहरने भी लगा।
बताते हैं कि शुक्रवार की रात दीपक त्रिपाठी हरपुर गाव में गया और गुरु प्रसाद के घर रुका। रात में वह युवती के कमरे में चला गया। आश्चर्यजनक बात यह है कि युवती के परिजनों ने ही शुक्रवार की रात दीपक त्रिपाठी की मौत की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर आई। उसने युवती के बेडरूम से युवक का शव बरामद किया। युवक के चेहरे पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं है। चर्चा है कि युवक का युवती से प्रेम संबंध था। इसलिए वह अक्सर युवती के कमरे में रात में जाता रहता था। चर्चा यह भी है कि प्रेम संबंध में ही उसकी हत्या कर दी गई है। मृतक के पिता ने युवती के परिजनों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि दीपक त्रिपाठी का शव युवती के बेडरूम से मिला है। मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।