युवक ने भाभी को कुल्हाड़ी से काट डाला, बहन पर भी किया हमला
बनकटा थाना क्षेत्र के ग्राम छितौनी में घर में सो रही भाभी व बहन पर एक युवक ने कुल्हाड़ी से प्रहार कर दिया। महिला की मौत हो गई।
गोरखपुर/देवरिया, जेएनएन। बनकटा थाना क्षेत्र के ग्राम छितौनी में घर में सो रही भाभी व बहन पर एक युवक ने कुल्हाड़ी से प्रहार कर दिया। उसने अपने ऊपर भी पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर अपने को चोट पहुंचाया। महिला की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती व आरोपित को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
गांव की ज्योति पत्नी सत्य प्रकाश अपनी ननद गुड़िया पुत्री राजेंद्र के साथ अपने कमरे में सोमवार की रात सोई थी। रात को लगभग एक बजे ज्योति का देवर मुकेश यादव कुल्हाड़ी लेकर उसके कमरे में घुस गया और दोनों पर हमला बोल दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गई। इतना ही नहीं, मुकेश ने अपने ऊपर भी कुल्हाड़ी से प्रहार कर लिया जिससे वह भी घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही ज्योति ने दम तोड़ दिया। जबकि मुकेश व उसकी बहन गुड़िया का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। ज्योति का मायका भाटपाररानी के जसुई में है। एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद उसका पति दुबई चला गया। आरोपित के पिता राजेंद्र का कहना है कि मुकेश की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उसका इलाज गोरखपुर से चल रहा है। एक साल पहले भी गुड़िया पर हमला किया था और दीवार में दबाकर पीटा था। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।
युवक की पीट-पीटकर हत्या
देवरिया के मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर कस्बा निवासी एक युवक की चाय पीकर लौटते समय रविवार की रात मामूली बात पर तीन युवकों ने लाठी-डंडे से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस सोमवार को गांव के तीन आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।
भागलपुर कस्बा निवासी श्यामाचरण साहनी 40 पुत्र मुखलाल बीती रात चौराहे पर चाय पीने गए थे। वह लगभग दस बजे घर लौट रहे थे, इसी बीच रास्ते में तीन युवकों ने घेर लिया और कहने लगे कि इस रास्ते से क्यों आए हो, इसे लेकर कहासुनी करने लगे। देखते ही देखते लाठी-डंडे से पिटाई शुरू कर दी, जिससे मौके पर श्यामाचरण साहनी बेहोश होकर गिर गए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पुत्र बसंत साहनी की तहरीर पर भागलपुर निवासी राजेश साहनी, विजय साहनी व अविनाश पुत्र स्व.हरेराम साहनी के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया है।