योगी कैबिनेट : श्रीराम चौहान को मिला निष्ठा का फल, रह चुके हैं केंद्रीय मंत्री Gorakhpur News
प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री बनाए गए संतकबीर नगर जिले के घनघटा के विधायक श्रीराम चौहान को निष्ठा का फल मिला है। वह तीन बार सांसद भी रहे।
गोरखपुर, जेएनएन। प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री बनाए गए संतकबीर नगर जिले के घनघटा के विधायक श्रीराम चौहान को निष्ठा का फल मिला है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक के रूप में अपना सामाजिक जीवन आरंभ किया। 1984 में सबसे पहले खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़े परंतु सफलता नहीं मिली।
1989 में पहली बार बने विधायक, सांसद भी बने
1989 में हैंसर बाजार विधानसभा वर्तमान में धनघटा क्षेत्र से चुनाव लड़कर पहली बार विधायक बने। उनकी जीत का क्रम जारी रहा और 91 में भी जीत हासिल की। वर्ष 1993 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 1996 में बस्ती लोकसभा से सांसद बने।
तीन बार रहे सांसद
बस्ती से 1998 और 1999 में जीत हासिल कर हैट्रिक बनाई। 1999 में ही उन्हें अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में पहले खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री फिर संसदीय कार्य राज्यमंत्री बनाया गया। 2004 के लोकसभा चुनाव में बस्ती से हारने के बाद 2009 में उन्हें टिकट नहीं मिला। इस दौरान वह संतकबीर नगर भाजपा के जिलाध्यक्ष का पद संभालते रहे।
धनघटा से बने विधायक
2012 में सिद्धार्थनगर जिले के कपिलवस्तु विधानसभा से चुनाव लड़े परंतु सफलता नहीं मिली। 2017 में फिर धनघटा विधान सभा से लड़े। वह भाजपा की राजनीति में भाजयुमो बस्ती जिले के अध्यक्ष समेत अनेक पदों पर रहे।