'सपा और शिक्षा नदी के दो छोर, कभी नहीं मिल सकते', गोरखपुर में सीएम योगी ने विपक्ष पर बोला हमला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा और शिक्षा नदी के दो छोर हैं, जो कभी मिल नहीं सकते।

सपा और शिक्षा नदी के दो छोर, कभी नहीं मिल सकते: सीएम योगी।
HighLights
सपा और शिक्षा नदी के दो छोर, बोले सीएम योगी।
सपा सरकार में शिक्षा व्यवस्था चौपट, अराजकता को संरक्षण।
भाजपा सरकार ने शिक्षकों, शिक्षा क्षेत्र में सुधार किए।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा और शिक्षा नदी के दो छोर हैं, जो कभी मिल नहीं सकते। जो शिक्षा का धुर विरोधी होगा, वह शिक्षक का हितैषी कभी नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में शिक्षा व्यवस्था चौपट थी, नकल प्रदेश की पहचान बन गई थी और शिक्षकों को अपनी सुरक्षा के लिए बंदूक तक लेकर विद्यालय जाना पड़ता था।
महंत दिग्विजयनाथ पार्क में गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन खंड से भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के समर्थन में आयोजित शिक्षक मतदाता संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ भाजपा है, जिसके एजेंडे में शिक्षा, शिक्षक, शिक्षण संस्थान और विद्यार्थी हैं, वहीं दूसरी तरफ सपा है।
सपा में अराजकता फैलाने वालों को मिलता है संंरक्षण- सीएम योगी
उन्होंने कहा कि सपा सरकार में शिक्षा व्यवस्था को चौपट करने वाले और अराजकता फैलाने वाले लोगों को संरक्षण मिलता था। दंगाइयों को मुख्यमंत्री आवास पर बुलाकर सम्मानित किया जाता था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में पहचान का संकट था। विद्यालयों के भवन जर्जर थे, युवाओं के सामने भविष्य का संकट था और नकल प्रदेश की पहचान बन गई थी। आज स्थिति बदल चुकी है। शिक्षण संस्थानों को बेहतर भवन, स्मार्ट कक्षाएं, कंप्यूटर प्रयोगशालाएं और डिजिटल पुस्तकालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम हुआ है।
उनकी सरकार ने शिक्षकों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्मिकों को पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा दी है। बिना वेतन कटौती सुरक्षा बीमा का लाभ भी दिया गया है।
दुर्घटना की स्थिति में सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षक के परिवार को 80 लाख से 1.20 करोड़ रुपये तक की सहायता की व्यवस्था की गई है। शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 18 हजार और अनुदेशकों का मानदेय नौ हजार से बढ़ाकर 17 हजार रुपये किया गया।
मुलायम सरकार की नई पेंशन योजना पर भी हमला
योगी ने कहा कि 2005 में मुलायम सिंह यादव की सरकार ने नई पेंशन योजना लागू की थी, लेकिन कर्मचारियों के खाते तक नहीं खोले गए। 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद कमेटी गठित कर 2019 में 10 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए और 14 लाख कर्मचारियों के खाते खोलकर धन भेजा गया।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का जागरूक प्रहरी और राष्ट्र की समृद्धि का आधार है। शिक्षक एमएलसी चुनाव में ध्रुव कुमार त्रिपाठी को भारी मतों से जिताने की अपील करते हुए कहा कि 23 अक्टूबर को मतदान के दिन शिक्षकों को अवकाश दिया गया है। शिक्षक मतदान कर ध्रुव त्रिपाठी को विजयी बनाएं, ताकि शिक्षा जगत की समस्याओं का समाधान तेजी से कराया जा सके।
मुख्यमंत्री ने सपा के पीडीए नारे पर भी तंज कसते हुए इसे ‘परिवार डेवलपमेंट अथारिटी’ और ‘पराया धन अपना’ बताया। उन्होंने कहा कि सपा के पास पूरे समाज के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने सपा के बदलते राजनीतिक रुख की तुलना गिरगिट से करते हुए कहा कि रंग बदलने में अब गिरगिट को भी सपा से प्रतियोगिता मिल गई है।
