यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 25, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP Govt 2022: जानें, कौन हैं विजय लक्ष्मी गौतम जो पहली बार विधायक बनते ही चर्चा में आ गईं
Yogi Adityanath Cabinet latest News देवरिया जिले के सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र से 59 वर्षीया विधायक विजय लक्ष्मी गौतम को उत्तर ...और पढ़ें

देवरिया, जागरण संवाददाता। सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र से 59 वर्षीया विधायक विजय लक्ष्मी गौतम देवरिया शहर के देवरिया खास मोहल्ले की रहने वाली हैं। शिक्षा एमए समाजशास्त्र हैं। उन्होंने 1992 से भाजपा से अपने राजनीति की शुरुआत की। वह भाजपा महिला मोर्चा की देवरिया नगर की अध्यक्ष रहीं। इसके अलावा भाजपा की नगर उपाध्यक्ष, जिला महिला मोर्चा की दो बार अध्यक्ष, भाजपा जिला मंत्री, भाजपा गोरखपुर क्षेत्र की मंत्री और भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रही हैं। 2009 में परिसीमन के बाद सलेमपुर सुरक्षित सीट हो गया। जिसके बाद भाजपा ने वर्ष 2012 में उन्हें सलेमपुर विधानसभा से प्रत्याशी बनाया, लेकिन वह सपा प्रत्याशी मनबोध प्रसाद से चुनाव हार गई।
सपा से भी चुनाव लड़ चुकी हैं विजय लक्ष्मी
2017 के चुनाव में भाजपा ने टिकट काट दिया। इससे नाराज होकर वह समाजवादी पार्टी में शामिल हो गई। सपा ने उन्हें सलेमपुर से प्रत्याशी बनाया, लेकिन भाजपा प्रत्याशी काली प्रसाद से चुनाव हार गई।
2022 के विधानसभा चुनाव से पहले फरवरी में पुनः भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा ने विधायक काली प्रसाद का टिकट काटकर विजय लक्ष्मी गौतम को पार्टी का प्रत्याशी बनाया। विजयलक्ष्मी ने सुभासपा प्रत्याशी पूर्व विधायक मनबोध प्रसाद को पराजित कर पहली बार विधायक निर्वाचित घोषित की गई।
विजय लक्ष्मी के नाम है कोटे की दुकान
विजय लक्ष्मी गौतम के नाम शहर में कोटे की दुकान है। वह कोटेदार के रूप में कार्य करने के साथ ही सामाजिक व राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं। इनकी कुल संपत्ति 87.95 लाख है। विजय लक्ष्मी गौतम की शादी गौरी बाजार क्षेत्र के विनायक गांव में हुई है। पति बैंक में अधिकारी हैं। परिवार में दो पुत्र व एक पुत्री हैं। दोनों पुत्र इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं एवं पुत्री की शादी हो चुकी है। विजय लक्ष्मी गौतम देवरिया शहर के देवरिया खास मोहल्ले में अपने मायके में रहती हैं। मोहल्ले के लोगों में इनकी प्रसिद्धि है सभी लोगों से इनका अच्छा व्यवहार है।
विजयलक्ष्मी के पास है 87.95 लाख की कुल संपत्ति
विजय लक्ष्मी गौतम के पास कुल 87 लाख 95 हजार 994 रुपये की संपत्ति है, जिसमें 19 लाख 95 हजार 994 रुपये की चल व 68 लाख की अचल संपत्ति शामिल है। जबकि वर्ष 2017 में आठ लाख की चल और 1.40 करोड़ की अचल संपत्ति थी। वर्तमान में उनके पास 300 ग्राम सोने व पांच किलोग्राम चांदी के आभूषण भी है। उनके विरुद्ध मारपीट व धमकी का एक मुकदमा दर्ज है। समाजशास्त्र विषय से एमए पास विजय लक्ष्मी का पेशा व्यवसाय है।
