Yogi@2.0 1st Year: विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो रहा रामगढ़ताल, खूबसूरती को ऐसे लग रहा चार चांद
Yogi2.0 Government 1st Year डर का पर्याय बना रामगढ़ताल आज गोरखपुर ही नहीं आसपास के जिलों के पर्यटकों का पसंदीदा जगह बन गया है। हर दिन यहां सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचते हैं। वहीं ताल की खूबसूरती बनाने के लिए योगी सरकार प्रयासरत है।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। जिस रामगढ़ताल के किनारे कभी लोगों को जाने में डर लगता था, अब वह विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल बनने की ओर अग्रसर है। बीते एक साल में इस क्षेत्र को और खूबसूरत बनाने के लिए कई परियोजनाओं को अमलीजामा पहनाया गया है। फ्लोटिंग रेस्टोरेंट एवं क्रूज की सुविधा जल्द मिलने वाली है। इस दिशा में काम शुरू हो चुका है। जल्द ही लोगों को एक नया जलाशय मिलेगा। साथ ही पुराने जलाशय के सुंदरीकरण का काम भी शुरू हो गया है।
पसंदीदा पर्यटन स्थल बन गया है रामगढ़ताल
रामगढ़ताल क्षेत्र गोरखपुर एवं आसपास के लोगों के लिए पसंदीदा पर्यटन स्थल बन गया है। यहां की जेटी पर पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है। जीडीए की ओर से रामगढ़ताल का सौंदर्य बढ़ाने के लिए नई एवं आकर्षक रेलिंग लगाई गई है। रेलिंग के साथ ही दर्शक दीर्घा (व्यूइंग डेक) भी बनाए गए हैं। पांच में से चार दीर्घा तैयार हो चुकी हैं। यहां लोग ताल के नजदीक जाकर उसकी रमणीयता को निहार सकेंगे। रेलिंग से सटे ही फुटपाथ भी बनाया गया है। दर्शक दीर्घा में लोग देर रात तक मस्ती करते देखे जाते हैं। रेलिंग, दर्शक दीर्घा व फुटपाथ पर तीन करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुए हैं।
जल्द मिलेगी क्रूज की सुविधा
जल्द ही क्रूज की सुविधा भी मिलेगी। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक क्रूज तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही रामगढ़ताल में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट बनाने का काम भी शुरू हो चुका है।
बनेगा एक और जलाशय
सर्किट हाउस के सामने एक और जलाशय एवं नाव के आकार का पार्क बनाने का काम शुरू हो चुका है। इस जलाशय के चारों ओर पाथ वे होगा और आकर्षक लाइटिंग होगी। बच्चों के खेलने का इंतजाम भी यहां किया जाएगा। इसके साथ ही 42 एकड़ में फैली वाटर बाडी के छह एकड़ हिस्से का सुंदरीकरण किया जा रहा है। यहां साफ पानी भरा जाएगा और दोनों ओर पाथ वे बनाया जाएगा। वाटर बाडी में नौकायन की सुविधा भी मिलेगी। इसके साथ ही फूड स्ट्रीट भी विकसित किया जा रहा है।