फावड़े से हमलाकर मजदूर को मौत के घाट उतारा Gorakhpur News
दो माह पहले उनके गांव में पंचायत चुनाव हुआ था। इसमें संजू जोगी के पिता और रमेश बंजारा के परिवार के एक सदस्य की तरफ से प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ा गया। इसलिए विवाद था।
गोरखपुर, जेएनएन। झंगहा क्षेत्र में राघोपट्टी पडऱी के फैलहा टोले में स्थित ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले रमेश बंजारा की उसके साथ मजदूरी करने युवक ने ही फावड़े से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। बताते हैं कि गांव में हुए पंचायत चुनाव की रंजिश में यह घटना हुई है।
हत्या के बाद से ही आरोपित मजदूर ईंट-भट्ठे से फरार
पुलिस को इसकी जानकारी मिली तो वह मौके पर गई। उसने मुआयना किया। आस पास के लोगों से पूछताछ की तेा पता चला कि हत्या करने के बाद से ही आरोपित मजदूर ईंट-भट्ठे से फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
एक ही गांव के निवासी
मृतक की पहचान बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के मुलमुला निवासी रमेश बंजारा के रूप में हुई है। अपने ही गांव के संजू जोगी के साथ वह राघोपट्टी पडऱी में दुर्गेश यादव के ईंट-भट्ठे पर काम करता था। दो माह पहले उनके गांव में पंचायत चुनाव हुआ था। इसमें संजू जोगी के पिता और रमेश बंजारा के परिवार के एक सदस्य की तरफ से प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ा गया। दोनो तरफ से प्रचार भी हुआ।
प्रधानी चुनाव से था विवाद
संजू जोगी के पिता को विजय मिल गई। जबकि रमेश बंजारा के घर का सदस्य चुनाव हार गया। उस समय दोनो परिवारों के बीच तनाव था। पंचायत चुनाव के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच चुनावी रंजिश शुरू हो गई थी।
ईंट भट्ठे पर भी दोनो में थी रंजिश
ईंट-भट्ठे पर काम करने के दौरान भी उनके बीच यह रंजिश कायम रही। रविवार की शाम को दोनों बाजार गए थे। रात में ईंट-भट्ठे पर लौटे तो उनके बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इस दौरान 10:30 बजे के आसपास संजू जोगी ने रमेश पर फावड़े से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ईंट-भट्ठा मालिक उसे मेडिकल कालेज ले आए। जहां सोमवार की भोर में उसने दम तोड़ दिया।