Hartalika Teej 2020: अखंड सौभाग्य के लिए व्रत रहेंगी महिलाएं, पूजा करने का यह है शुभ मुहूर्त Gorakhpur News
हरितालिका तीज पर 21 अगस्त को अखंड सौभाग्य के लिए महिलाएं व्रत रखेंगीं। इस दिन पूजा करने का सबसे बेहतर समय सुबह 725 बजे से 1028 बजे तक है।
गोरखपुर, जेएनएन। 21 अगस्त (शुक्रवार) को हरितालिका तीज व्रत है। वाराणसी से प्रकाशित पंचांगों के अनुसार इस दिन सूर्योदय 5:37 बजे व तृतीया तिथि संपूर्ण दिन होते हुए रात 1:59 बजे तक है। इस दिन महिलाएं अखंड सौभाग्य की कामना से निर्जल व्रत रहेंगी।
आचार्य पं. शरद चंद्र मिश्र के अनुसार चंद्रमा की स्थिति कन्या राशिगत है। भविष्य पुराण के अनुसार इस व्रत में द्वितीया तिथि के साथ चतुर्थी का निषेध है। तृतीया तिथि यदि चतुर्थी के साथ है तो ग्राह्य है। शुक्रवार को तृतीया का चतुर्थी के साथ संयोग होने से यही दिन व्रत के लिए मान्य रहेगा। इस व्रत में मुख्य रूप से गणेश सहित शिव-पार्वती का पूजन किया जाता है।
पूजन मुहूर्त
इस वर्ष तृतीया तिथि का अभाव नहीं है, इसलिए पूजन दिन में और सायंकाल प्रदोष बेला में किया जा सकता है। सर्वोत्तम मुहूर्त इस प्रकार हैं।
सुबह 7:25 बजे से 10:28 बजे तक। लाभ एवं अमृत बेला।
दोपहर 12 बजे से 1:32 बजे तक। शुभ बेला।
सायंकाल 4:32 बजे से सूर्यास्त 6:23 बजे तक। चर बेला।
सूर्यास्त के बाद से रात 9:15 बजे तक। लाभ व अमृत बेला।
व्रत का पारण
इस व्रत का पारण द्वितीय दिन चतुर्थी तिथि में किया जाता है। इस वर्ष सुबह चतुर्थी तिथि विद्यमान है। सूर्योदय के पश्चात काल बेला होने से 7:12 बजे के बाद व 8:50 के पहले पारण का उत्तम समय है।