सूदखोरों से तंग आकर महिला ने की थी खुदकुशी, पति ने दर्ज कराया मुकदमा
सूदखोरों से तंग आकर महिला ने खुदकुशी कर ली। महिला के पति ने चिलुआताल थाने में अज्ञात सूदखोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
गोरखपुर, जेएनएन। सूदखोरों से तंग आकर महिला ने खुदकुशी की थी। महिला के पति ने चिलुआताल थाने में अज्ञात सूदखोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। मोबाइल कॉल डिटेल के जरिए पुलिस आरोपितों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
विकास नगर निवासी प्रमोद चौबे ऑटो चलाते हैं। 16 दिसंबर की रात में उनकी पत्नी पूनम (40) का शव फर्टिलाइजर परिसर में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहरीला पदार्थ खाने से पूनम की मौत होने की बात सामने आई थी। चिलुआताल पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि मोबाइल पर फोन आने के बाद वह घर से निकली थी। पति से पूछताछ करने पर पता चला कि पूनम ने घरवालों को बताए बिना कई लोगों से ब्याज पर रुपये लिए थे। सूदखोर उसके ऊपर रुपये वापस करने का दबाव बना रहे थे।
जिसे लेकर वह परेशान थी। दबाव बढऩे पर फर्टिलाइजर परिसर सुनसान स्थान पर जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया। गुरुवार को प्रमोद ने अज्ञात सूदखोरों के खिलाफ तहरीर दी। एसएसआइ चिलुआताल एसएन सिंह ने बताया कि अज्ञात लोगों पर आत्महत्या के लिए महिला को उकसाने का मुकदमा दर्ज हुआ है। कॉल डिटेल के जरिए उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही आरोपितों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा।