गोरखपुर में एसिड से जलाकर महिला की हत्या, दूसरे दिन भी नहीं हुई शिनाख्त Gorakhpur News
गोरखपुर में एक महिला की हत्या कर दी गई। उसका चेहरा एसिड से जला पाया गया। पुलिस का मानना है कि आरोपितों ने महिला का चेहरा इस लिए जलाया होगा ताकि उसकी पहचान ना हो सके। एसिड से जलाकर भी उसकी हत्या की आशंका है।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल छत्रधारी टोला शाहपुर में शुक्रवार सुबह झाडि़यों में 40 वर्षीया महिला का अर्धनग्न शव मिला था। मृतका का दूसरे दिन भी शिनाख्त नहीं हो सका। अभी मृतका का पोस्टमार्टम भी नहीं हो सका है। ऐसे में पुलिस गोरखपुर के साथ-साथ दूसरे जिलों से भी संपर्क साध रही है।
पहचान छिपाने के लिए जला दिया गया है मृतका का चेहरा
झाडि़यों में जिस महिला का शव मिला था, उसके शरीर पर फफोले पड़े हैं। चेहरा जला हुआ है। पुलिस का मानना है कि आरोपितों ने महिला का चेहरा इस लिए जलाया होगा, ताकि उसकी पहचान ना हो सके। पुलिस का मानना है कि महिला के शरीर पर कुछ छिड़ककर उसे जलाने की कोशिश की गई है अथवा उसके शरीर पर कोई केमिकल डालकर उसे जलाया गया है। पुलिस यह भी आशंका व्यक्त कर रही है कि उसके चेहरे पर अधिक केमिकल डालकर जलाने की कोशिश की गई है। लेकिन वह स्पष्ट रूप से अभी कुछ कह पाने की स्थिति में नहीं है। उसका कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
अन्य जिलों की पुलिस से संपर्क कर रही है पुलिस
शव मिलने के 72 घंटे बाद ही मृतका का पोस्टमार्टम कराया जा सकता है। मृतका की शिनाख्त के लिए पुलिस गुलरिहा, शाहपुर सहित विभिन्न थानों में संपर्क कर रही है। इसके अलावा कुशीनगर व महराजगंज की पुलिस से भी संपर्क साधा गया है। महराजगंज जिले के बृजमनगंज थानाध्यक्ष संजय दुबे ने पिपराइच थानाध्यक्ष से अपने यहां की एक गुमशुदगी को लेकर चर्चा भी किया है। यहां से उन्हें फोटो भेजी गई है। वह हुलिया के आधार पर छानबीन में जुटे हैं।
चेहरा जलाने के पीछे की वजह कुछ और तो नहीं
महिला के ऊपर एसिड डालने को लेकर पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी मंथन कर रही है। पुलिस का कहना है कि मृतका की शिनाख्त होने के बाद ही अन्य दिशाओं में आगे बढ़ा जा सकता है।
शव का अभी पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। कुशीनगर, महराजगंज जिलों में कुछ थानों पर गुमशुदगी को लेकर बात की जा रही है। बृजमनगंज थानाध्यक्ष का इस संबंध में फोन भी आया था। उन्हें फोटो भेजी गई है। पुलिस छानबीन में जुटी है। हर हाल में घटना का खुलासा होगा। - दिनेश कुमार मिश्र, थानाध्यक्ष पिपराइच।