पत्नी ने सिपाही के सीने में चाकू घोपा, हालत गंभीर
गोरखपुर पुलिस लाइन स्थित आवास में रहने वाले सिपाही बीरबल चौहान (46) के सीने में बुधवार का
गोरखपुर
पुलिस लाइन स्थित आवास में रहने वाले सिपाही बीरबल चौहान (46) के सीने में बुधवार को उसकी पत्नी ने चाकू घोप दिया। उसे गंभीर हालत में मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर डाक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। पत्नी को हिरासत में ले लिया गया है। महिला थाने में उससे पूछताछ की जा रही है। बताते हैं कि पति के विवाहेतर संबंध होने के संदेह में उसने इस घटना को अंजाम दिया है।
मूल रूप से देवरिया जिले के सलेमपुर क्षेत्र में बिगही गांव के रहने वाले बीरबल, गोरखपुर के तिवारीपुर थाने में तैनात हैं। पुलिस लाइन में उन्हें सरकारी आवास आवंटित है। पड़ोसियों के मुताबिक बुधवार को सुबह से ही पति-पत्नी के बीच विवाद हो रहा था। दोनों के तेज-तेज बोलने की आवाज बाहर तक सुनाई दे रही थी। इसी बीच सिपाही की चीख सुनकर पड़ोसी अंदर गए तो बीरबल जमीन पर गिरे मिले। उनके सीने के बीच काफी गहराई तक चाकू धंसा हुआ था। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंचे आरआइ ने सिपाही को अस्पताल पहुंचाया।
शुरुआती छानबीन के आधार पर पुलिस ने बताया कि पत्नी को पति के चरित्र पर संदेह था। उसे शक था कि पति का किसी महिला से अनैतिक संबंध है। इसको लेकर उनके बीच आए दिन विवाद होता रहता था। आरोप है कि इसी संदेह में पत्नी ने सिपाही को चाकू घोपा है। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि पत्नी को हिरासत में ले लिया गया है। घटना की छानबीन की जा रही है।