Gorakhpur: अवैध संबंध व संपत्ति की लालच में हुई रेलकर्मी की हत्या, किराएदारों के साथ मिल पत्नी ने किया वारदात
रेलकर्मी अफरोज आलम अंसारी की हत्या उसकी पत्नी ने ही किरायेदारों के साथ मिलकर की थी। हत्या का मुख्य आरोपितभाई के हिरासत में लिए जाने के बाद महराजगंज में सरेंडर कर दिया। उससे पूछताछ में कई अहम जानकारी मिली है।
गोरखपुर/महराजगंज, संवाददाता। रेलकर्मी मो. अफरोज आलम अंसारी की हत्या अवैध संबंध व संपत्ति की लालच में हुई थी। भाई को हिरासत में लेने पर मुख्य हत्यारोपित अभिषेक चौधरी ने शुक्रवार को महराजगंज जिले के कोल्हुई थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना पर गोरखनाथ थाना पुलिस आरोपित को अपने साथ ले आई। हिरासत में ली गई रेलकर्मी की पत्नी व किराएदारों से उसका सामना कराया गया तो साजिश का पर्दाफाश हुआ।
16 साल पहले अपने से आधी उम्र की महिला से हुआ था प्रेम संबंध
रेलवे के सीनियर टेक्नीशियन अफरोज आलम अंसारी का प्रेम संबंध 16 वर्ष पहले अपने से आधी उम्र की सादिया से हो गया। पिता को लोन की जरूरत होने पर वह उसके घर आते-जाते थे। नजदीकी बढ़ने पर दोनों लिव-इन में रहने लगे। अफरोज ने सादिया को अपने पास रख लिया और वर्ष 2012 में उसके नाम पर दिग्विजयनगर, वजीराबाद कालोनी में भूमि खरीदकर मकान बनवाया। कुछ दिन बाद मनमुटाव होने पर एक बार सादिया ने तलाक का नोटिस भी दिया, लेकिन अफरोज के समझाने के बाद इस शर्त पर साथ रहने को राजी हुई कि उसके फैसले में हस्तक्षेप नहीं करेंगे। घर में किराएदार किसे रखना है और कितना किराया लेना है, वही तय करती थी।
आइआइटी की तैयारी कर रहे महराजगंज जिले के कोल्हुई के रहने वाले अभिषेक चौधरी को भी सादिया ने किराए पर कमरा दिया था। कुछ दिन बाद दोनों की नजदीकी बढ़ गई। इसकी भनक अफरोज को लगी तो अभिषेक पर कमरा खाली करने का दबाव बनाने लगे, लेकिन सादिया की जिद के आगे झुकना पड़ा। मनमुटाव बढ़ने पर बुधवार को सादिया ने किराएदारों के साथ मिलकर चाकू से गला काटकर अफरोज की हत्या कर दी।
क्या कहते हैं अधिकारी
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि रेलकर्मी के हत्यारोपितों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। सीसीटीवी कैमरा व सर्विलांस की मदद से चल रही जांच में कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।