गाय ने दूध देना बंद किया तो सड़क पर छोड़ दिया, नगर निगम ने इन धाराओं में दर्ज कराया मुकदमा Gorakhpur News
दूध देना बंद करने पर गाय को सड़क किनारे मरणासन्न हाल में छोडऩे वाले पशुपालक सगे भाइयों पर नगर निगम ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत एफआइआर कराया है।
गोरखपुर, जेएनएन। पशुओं को छोड़ देने वाले पशुपालकों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। दूध देना बंद करने पर गाय को सड़क किनारे मरणासन्न हाल में छोडऩे वाले पशुपालक सगे भाइयों पर नगर निगम ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत एफआइआर कराया है।
ईयर टैग से हुई पशुपालक की पहचान
तारामंडल के बुद्ध विहार पार्ट सी निवासी अनिल सिंह ने नगर निगम में शिकायत की थी कि उनके दरवाजे पर एक गाय मरणासन्न हाल में है। नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह के निर्देश पर सहायक नगर आयुक्त संजय शुक्ल ने कर्मचारियों को मौके पर भेजा। गाय के कान में लगे ईयर टैग से पशुपालक की पहचान रुस्तमपुर के मकान संख्या 366 आर निवासी रामप्यारे व अवधेश पुत्रगण श्यामराज यादव के रूप में हुई।
अपने तरह की पहली एफआईआर
पता चला कि गाय ने दूध देना बंद कर दिया तो पशुपालक ने उसे छोड़ दिया। नगर आयुक्त को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने रामगढ़ताल थाने में एफआइआर के निर्देश दिए। नगर निगम के सफाई सुपरवाइजर रामगोपाल मिश्र ने रामगढ़ताल थाने में तहरीर दी। किसी पशुपालक पर इस तरह का यह पहला एफआइआर दर्ज कराया गया है।