Weather News : भीषण ठंड के चपेट में पूर्वांचल, 4.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा न्यूनतम तापमान Gorakhpur News
पूर्वांचल में बीते दो दिन में तेजी से अधिकतम तापमान गिरा तो गुरुवार को न्यूनतम तापमान इस बार की ठंड के न्यूनतम स्तर तक पहुंच गया।
गोरखपुर, जेएनएन। दिन-ब-दिन पूर्वांचल में ठंड का दायरा बढ़ता जा रहा है। अधिकतम तो कभी न्यूनतम तापमान के गिरने का सिलसिला जारी है। बीते दो दिन में तेजी से अधिकतम तापमान गिरा तो गुरुवार को न्यूनतम तापमान इस बार की ठंड के न्यूनतम स्तर तक पहुंच गया।
औसत से 5.9 डिग्री सेल्सियस कम है यह तापमान
गुरुवार का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक औसत से 5.9 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय के मुताबिक तापमान में गिरावट पछुआ हवाओं के चलते हो रही है। पश्चिमोत्तर के पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और साइबेरिया की ओर से आ रहा कोल्ड एयर मास इसकी पछुआ हवाओं के बर्फीले होने की वजह है। वातावरण में व्याप्त नमी की वजह से बन रही कोहरे की स्थिति सूर्य की किरणों को जमीन पर आने नहीं दे रहीं। दिन का तापमान गिरने की एक बड़ी वजह यह भी है।
दो जनवरी को बारिश के आसार
धूप न निकलने से पछुआ हवाओं का असर और प्रभावकारी हो जा रहा है। मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक तापमान के गिरने का क्रम फिलहाल जारी रहेगा। अधिकतम से लेकर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। एक-दो जनवरी को बारिश के आसार बन रहे हैं। ऐसे मेें इससे पहले कोहरे का प्रभाव भी बना रहेगा।