गोरखपुर में अवैध स्टैंड चलाने वाला विनय सिंह गिरफ्तार, बस चालकों व मालिक से मारपीट कर वसूली करते हैं ये दबंग
गोरखपुर में अवैध स्टैंड पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है। इसे खत्म करने के लिए पुलिस अब धंधेबाजों पर शिकंजा कसना शुरू कर दी है। इसी क्रम में विनय को गिरफ्तार करते हुए चौकी प्रभारी ने उसके खिलाफ जबरिया वसूली व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। पैडलेगंज में अवैध स्टैंड का संचालन करने वाले विनय सिंह को कैंट थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार की रात में पैडलेगंज चौकी प्रभारी ने विनय समेत चार के विरुद्ध जबरिया वसूली करने और धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था। तीन अन्य आरोपितों की तलाश चल रही है। जागरण में यह खबर प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी।
यह है मामला
चौकी प्रभारी पैडलेगंज रामजी गुप्ता ने तहरीर में लिखा है कि अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर जांच की गई तो पता चला कि मोहद्दीपुर निवासी विनय सिंह अपने साथी जयबीर सिंह, राजू सिंह व भोलू सिंह पैडलेगंज में अवैध स्टैंड संचालित करते हैं। ये लोग बस चालकों व मालिक से मारपीट कर नंबर लगाने के नाम पर अवैध तरीके से वसूली करते हैं। इनका भय इतना है कि कोई भी बस मालिक या संचालक पुलिस में शिकायत करने का साहस नहीं जुटा पा रहा है।
विनय का है एक संगठित गिरोह
विनय का एक संगठित गिरोह है जो अवैध वसूली में लिप्त है। तहरीर के आधार पर कैंट थाना पुलिस ने विनय सिंह व उसके साथियों के विरुद्ध शुक्रवार की रात में मुकदमा दर्ज किया। शनिवार की सुबह कैंट थाने के दारोगा राजेश कुमार ने विनय सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वसूली के 1550 रुपये बरामद किए। दोपहर बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
मंगलवार को राजन गया था जेल
कैंट थाना पुलिस ने रेलवे चौकी के पास अवैध स्टैंड का संचालन करने वाले राजन पांडेय को मंगलवार की सुबह गिरफ्तार किया था। प्रभारी निरीक्षक ने जबरिया वसूली करने और धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर राजन को जेल भेजा था।
क्या कहते हैं अधिकारी
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि शासन के निर्देश पर अवैध स्टैंड का संचालन व वसूली में लिप्त लोगों पर कार्रवाई के लिए अभियान चलाया गया था। इस दौरान चिह्नित हुए लोगों पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में शनिवार को पैडलेगंज चौकी प्रभारी ने अवैध स्टैंड का संचालन करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया।