रीयल लाइफ में भी विलेन निकला फिल्मों का यह विलेन, पुलिस ने शूटिंग स्थल से पकड़ा Gorakhpur News
फिल्म की शूटिंग के दौरान भोजपुरी फिल्म में विलेन का रोल निभा रहा सनोज पांडेय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सनोज पर हत्या का आरोप है।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर में पुलिस ने शूटिंग के दौरान भोजपुरी फिल्म में विलेन का रोल निभा रहा सनोज पांडेय को राइफल के साथ गिरफ्तार कर लिया। बिहार के सिवान जिले का रहने वाला आरोपित हत्या के मामले में वांछित था। दूसरे का लाइसेंसी राइफल लेकर चलने के आरोप कैंट पुलिस ने आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया है। उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।
चाचा की हत्या करने का है आरोप
सीओ कैंट सुमित शुक्ला ने बताया कि कूड़ाघाट में भोजपुरी फिल्म की शूटिंग चल रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि सिवान के दरौली का रहने वाला सनोज पांडेय फिल्म में विलेन का रोल कर रहा है। 2018 में जमीन के विवाद में उसने पट्टीदारी के चाचा मुरली पांडेय की गोली मारकर हत्या कर दी थी। सिवान पुलिस दो साल से उसे तलाश रही है। प्रभारी निरीक्षक कैंट रवि राय ने एसएसआइ नवीन सिंह, इंजीनियङ्क्षरग कॉलेज चौकी प्रभारी दीपक सिंह के साथ घेराबंदी कर आरोपित को लाइसेंसी राइफल के साथ दबोच लिया। जांच में पता चला कि लाइसेंसी राइफल गोला थानाक्षेत्र के चंदौली गांव निवासी अश्वनी दूबे की है, जो सनोज के रिश्तेदार हैं। कैंट पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आम्र्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कर राइफल जब्त कर लिया है। सीओ कैंट ने बताया कि सिवान पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है।
हत्यारोपित को वारंट बी पर ले जाएगी सिवान पुलिस
सीओ कैंट सुमित शुक्ला ने बताया कि सिवान पुलिस दो साल से फरार चल रहे सनोज के घर की कुर्की कर चुकी है। वारंट बी पर अब उसे सिवान ले जाएगी।
शाहपुर क्षेत्र में रहता था सरोज
सनोज पांडेय 2010 से शाहपुर क्षेत्र में रहता था। कुछ दिनों पहले उसने प्रापर्टी डीलिंग का काम शुरू किया था। इंजीनियरिंग कॉलेज क्षेत्र में अपना मकान बनवा रहा था। प्रभारी निरीक्षक कैंट रवि राय ने बताया कि हत्यारोपित को लाइसेंसी राइफल देने वाले अश्वनी दूबे के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।