Lockdown 3: विहिप के 256 कार्यकर्ता लॉकडाउन में कर रहे जनसेवा Gorakhpur News
विश्वहिन्दू परिषद के कार्यकर्ता लाकडाउन में जरूरतमंदों की सेवा में लगे हुए हैं। सेवा कार्य में तमाम मठ मंदिर के पुजारी भी शामिल हैैं। भोजन मॉस्क और खाद्यान्न भी दे रहे हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। लॉक डाउन के दौर में विश्व हिंदू परिषद भी जरूरतमंदों की सेवा को पूरी शिद्दत से आगे आई है। 'सभी निरोगी हों और कोई भूखा न सोए के संकल्प वाक्य के साथ परिषद के 256 कार्यकर्ता सेवा कार्य में जुटे हुए हैं। परिषद के प्रयास से मठों और मंदिरों के साधु-संत भी सेवा कार्य में अपनी भागदारी सुनिश्चित कर रहे हैं।
भोजन, मॉस्क और अनाज कर रहे वितरण
परिषद के गोरक्ष प्रांत के संगठन मंत्री प्रदीप पांडेय ने बताया कि सामाजिक सहयोग से संगठन की ओर से अबतक 20755 भोजन पैकेट, 500 मास्क, 4000 सैनिटाइजर, 4000 पैकेट सूखे अनाज का वितरण किया जा चुका है। 4110 व्यक्तियों में काढ़ा की सामग्री भी वितरित की गई है।
संगठन की महिलाएं की तरफ से तैयार हो रहा माॅस्क
प्रदीप पांडेय ने बताया कि संगठन के दुर्गावाहिनी से जुड़ी महिलाएं अपने घर में मास्क तैयार कर रही हैं। बजरंग दल के प्रांत सह-संयोजक दुर्गेश त्रिपाठी ने लोगों से अपील की है कि वह फिजिकल डिस्टेंसिंग बनाए रखें। संपर्क के लिए ऑनलाइन माध्यम का इस्तेमाल करें। उन्होंने लोगों से आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने की अपील भी की है।
जरूरतमंदों को चिन्हित कर करें मदद
उधर भाजपा की जिला इकाई की बैठक वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संपन्न हुई। बैठक में लॉक डाउन के दौरान जरूरतमंदों में वितरित की जा रही राहत सामग्री के इंतजाम को लेकर चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता जरूरतमंदों को चिन्हित कर उनकी मदद करें। यह उनका दायित्व है।
फिजीकल डेस्टेंसिंग का रखें ख्याल
उन्होंने राहत सामग्री वितरण के दौरान फिजिकल डिस्टेंसिंग बनाए रखने की अपील भी की। बैठक में राजेश निषाद, चंद्रबाला श्रीवास्तव, मनोज कुमार शुक्ला, हरिकेश राम त्रिपाठी, संजय सिंह, छोटेलाल मौर्य, जगदीश चौरसिया, शेषमणि त्रिपाठी, केएम मझवार आदि शामिल रहे।
रेडक्रास सोसाइटी ने 13 कोरोना योद्धाओं को किया सम्मानित
रेडक्रॉस सोसाइटी ने विश्व रेडक्रॉस दिवस पर स्वास्थ्य विभाग से जुड़े 13 कोरोना योद्धाओं को सम्मानित किया। इस दौरान शारीरिक दूरी का पूरा पालन किया गया। सम्मान समारोह सीएमओ कार्यालय के प्रेरणाश्री सभागार में आयोजित हुआ। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने कहा कि सभी लोगों को रेडक्रॉस की सदस्यता अवश्य लेनी चाहिए। सभी के प्रयासों से स्थिति अब तक नियंत्रण में है। संगठन के गैर शासकीय सचिव त्रिलोकी नाथ त्रिपाठी ने संस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी। शासकीय सचिव एसीएमओ डॉ. नंद कुमार ने आभार व संचालन जिला क्ववालिटी कंसल्टेंट डॉ. मुस्तफा ने किया।