UP Crime News: गोरखपुर में लूट की ताबड़तोड़ वारदात, चार घंटे में छह महिलाओं से लूट, एक का पैर टूटा
Loot In Gorakhpur लूट की ताबड़तोड़ घटनाएं शहर के शाहपुर थाना क्षेत्र में हुईं। बेखौफ बदमाशों ने चार घंटे के अंदर छह महिलाओं से लूट की। घटना के बाद से ही महिलाएं डर के चलते घर से निकलने से कतरा रही हैं।
By Jagran NewsEdited By: Pragati ChandPublished: Mon, 05 Dec 2022 02:26 PM (IST)Updated: Tue, 06 Dec 2022 08:12 AM (IST)
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखपुर जिले में बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने रात में शाहपुर क्षेत्र में चार घंटे के भीतर छह महिलाओं से पर्स व मोबाइल फोन लूटकर सनसनी फैला दी। छीना झपट्टी में स्कूटी से गिरी एक महिला का पैर टूट गया। शाहपुर थाना पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम सीसी कैमरा फुटेज की मदद से लुटेरों की तलाश कर रही है। पुलिस का दावा है कि एक बदमाश की पहचान हो गई है।
यह है मामला
- बौलिया कालोनी निवासी अनिल कुमार अपनी पत्नी डाली सिंह के साथ रविवार की रात 10 बजे स्कूटी से सरस्वतीपुरम स्थित किराए के मकान पर जा रहे थे। जेल रोड तिराहा के पास पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने महिला का पर्स लूट लिया। बदमाशों के धक्के से डाली सिंह स्कूटी से नीचे गिर गई और उनका दाया पैर टूट गया। अनिल ने पुलिस को बताया कि पर्स में मोबाइल व रुपये थे।
- जीतपुर दरगहिया निवासी बलमेन्द्र प्रसाद भारती प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। रात 9.30 बजे अपनी पत्नी संगीता को बाइक पर बैठाकर सुसराल से घर आ रहे थे। संगम चौराहे के पास बदमाशों ने उनकी पत्नी का पर्स लूट लिया।
- इस घटना के कुछ देर बाद बदमाशों ने घर के पास ही मानस विहार कालोनी निवासी सीमा श्रीवास्तव का पर्स लूट लिया। पुलिस को उन्होंने बताया कि पर्स में रुपये व दो मोबाइल थे।
- शाहपुर के जंगल हकीम नंबर दो स्थित चुन्नीपुर निवासी रुचि गौड़ पादरी बाजार में सामान लेने गई थी। इसी दौरान बदमाशों ने उनका मोबाइल लूट लिया। इसी प्रकार धर्मपुर गीता वाटिका निवासी रीना इलिएट का बाइक सवार बदमाशों ने गुलरिहा के शगुन मैरेज हाल के पास पर्स लूट लिया, पर्स में रुपए, मोबाइल और घर की चाबी थी।
- इससे पहले बदमाशों ने संगम चाैराहे के पास शाम सात बजे महराजगंज जिले के निचलौल की हरने वाली प्रियंका देवी का मोबाइल फोन लूट लिया। बच्चों के साथ पादरी बाजार में वह किराए के मकान में रहती हैं।
क्या कहती है पुलिस
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि बदमाशों की तलाश चल रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें