मुख्य सचिव ने गोरखपुर चिड़ियाघर का किया भ्रमण, हर व गौरी को खिलाया फल
यूपी के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने गुरुवार की सुबह गोरखपुर चिड़ियाघर पहुंचे। यहां परिसर में भ्रमण कर उन्होंने जानवरों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने गैंडा हर व गौरी को फल खिलाया। साथ ही उन्होंने शेर के बाड़े के सामने नीम का पौधा लगाया।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने गुरुवार सुबह गोरखपुर चिड़ियाघर के गैंडा हर व गौरी को फल खिलाया। उन्होंने अपने मोबाइल से शेर पटौदी की फोटो खींची। उसके बाड़े के सामने उन्होंने नीम का पौधा भी लगाया। चिड़ियाघर के अधिकारियों से उन्होंने जानवरों के भोजन व रखरखाव की जानकारी ली।
मुख्य सचिव ने हर व गौरी के साथ बिताया समय: मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने सुबह चिड़ियाघर का भ्रमण किया। उन्होंने सर्वाधिक समय गैंडा हर व गौरी तथा शेर पटौदी के बाड़े के सामने दिया। हर व गौरी को उन्होंने केला खिलाया। बाड़े में उनकी हरकतें देखकर वह रोमांचित दिखे। पटौदी को देखकर वह बेहद प्रसन्न नजर आए। उन्होंने मोबाइल से उसकी फोटो ली। उसकी गतिविधियों के विषय में चिड़ियाघर के निदेशक डॉ एच राजा मोहन व पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ योगेश प्रताप सिंह से जानकारी ली।
पटौदी के बाड़े के सामने लगाया नीम का पौधा: मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने पटौदी के बाड़े के सामने नीम का पौधा लगाया। मुख्य सचिव सुबह 7:00 बजे ही चिड़ियाघर पहुंच गए थे। पक्षियों के बाड़े को देखते हुए वह भालू नीतीश व रानी के बाड़े के सामने पहुंचे। हिरणों को विचरण करते देखा। सफेद हिरण को देखकर उन्होंने उसके विषय में चिड़ियाघर के लोगों से जानकारी ली। इसके अलावा तेंदुआ नारद, दरियाई घोड़ा नन्हे व लक्ष्मी के बाड़े के सामने रुके। उनके सेहत के विषय में डॉ योगेश प्रताप सिंह से पूछा। साथ ही यह भी जानकारी ली कि उन्हें कितना भोजन दिया जा रहा है।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों से साथ देखा 7D में पिक्चर: जानवरों का बाड़ा देखने के पूर्व उन्होंने सभी अधिकारियों से साथ 7D में पिक्चर भी देखा। इस दौरान उनके साथ अपर मुख्य सचिव वन मनोज सिंह, जिलाधिकारी विजय किरन आनंद, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ विपिन ताडा, प्रभागीय वन अधिकारी विकास यादव सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।