UP के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा- असफल लोग दे रहे किसान आंदोलन को हवा
कृषिमंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकारें किसानों के लिए खाद व बीत तक का इंतजाम नहीं कर पाती थीं। खाद बीज के लिए किसानों को लाठी खानी पड़ती थी। सरकार बनने के बाद किसानों को खाद व बीज के लिए कभी कतार में नहीं खड़ा होना पड़ा।
गोरखपुर, जेएनएन। प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा है कि सरकार, कृषि कानून को लेकर आंदोलन करने वालों की हर बात सुनने को तैयार है लेकिन आंदोलनकारी सरकार की बात सुनने को तैयार नहीं हैं। देश हठधर्मिता से नहीं चलता। देश के अधिकतर किसानों ने कृषि कानून की सराहना की है। राजनीतिक रूप से असफल और पूर्वाग्रह से ग्रसित कुछ लोग आंदोलन को हवा दे रहे हैं। किसानों की आय दोगुनी करने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। कृषि कानून इसी दिशा में उठाया गया कदम है।
गोरखपुर महोत्सव में शामिल होने आए कृषि मंत्री मंगलवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में यह बाते कहीं। बातचीत की शुरूआत स्वामी विवेकानंद को याद करते हुए किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती पर आज उन्हेें सारा विश्व याद कर रहा है। युवाओं के लिए वह हमेशा प्रेरणा स्रोत बने रहेेंगे। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि आगे बढ़ते रहो, जब तक लक्ष्य न मिले तब तक चलते रहो। केंद्र और प्रदेश सरकार इसे आत्मसात कर देश को समृद्धिशाली बनाने के लिए सतत प्रयास कर रही है। किसानों की आय दोगुनी करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोरखपुर से ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना की शुरूआत की थी। आज देश के सभी किसानों के खाते में नियमित रूप से रकम जा रही है।
पूर्ववर्ती सरकारों में खाद-बीज के लिए किसानों को खानी पड़ी थी लाठी
पूर्व की सरकारें किसानों के लिए खाद व बीत तक का इंतजाम नहीं कर पाती थीं। खाद, बीज के लिए किसानों को लाठी खानी पड़ती थी। 2014 में केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद किसानों को खाद व बीज के लिए कभी कतार में नहीं खड़ा होना पड़ा। कृषि मंत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी।