अनोखा विवाह: बारात निकलने से ठीक पहले दूल्हे ने शादी से किया इनकार, दुल्हन को दुखी देख इस युवक ने लिए सात फेरे
मामला गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र का है। यहां गांव के एक युवक ने शादी के दिन युवती की अपने साथ की फोटो उसके ससुराल वालों के पास भेज दिया। इसी बात से नाराज दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां गगहा थाना क्षेत्र के तिघरा खुर्द की एक युवती की शादी ऐन वक्त पर टूट गई। बात बिगड़ती देख रिश्तेदारी के एक युवक ने युवती के संग फेरे लिए। युवक के इस निर्णय से उसकी सर्वत्र सराहना हो रही है। युवक के निर्णय की गगहा पुलिस व गांव के लोग भी प्रशंसा कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि यह शादी लोगों के लिए एक मिसाल है।
ये है मामला: तिघरा खुर्द के फेंकू प्रजापति ने अपनी पुत्री प्रतिमा की शादी बेलीपार थाना क्षेत्र के महोब (कलानी खुर्द) निवासी एक युवक से तय की थी। 15 मई को वधु पक्ष ने वर पक्ष के घर पहुंच धूमधाम से तिलक समारोह संपन्न किया। 18 मई को शादी होनी थी। वधु पक्ष के लोग दिन भर तैयारियों में जुटे रहे। इसी बीच गांव के ही एक युवक ने वर पक्ष को युवती की अपने साथ की फोटो भेज दी। इसके बाद मामला बिगड़ गया। दूल्हे व घरवालों ने बारात ले जाने से मना कर दिया। ऐन वक्त पर टूटी शादी से दुल्हन के घर वालों की सारी खुशियां गायब हो गई। सभी के चेहरे लटक गए।
पुलिस के हस्तक्षेप करने पर भी नहीं माने वर पक्ष: इसकी जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक गगहा संजय कुमार सिंह व चौकी इंचार्ज सोहगौरा मनीष कुमार त्रिपाठी भी वहां पहुंचे। मान- मनौव्वल के बाद भी वर पक्ष बारात लाने को तैयार नहीं हुआ। शादी में दुल्हन के फूफा अमरनाथ का भांजा डोहरिया चिलुआताल निवासी उदयराज भी आया था। दुल्हन के फूफा ने मुंबई में रहने वाले अपने बहनोई व उदयराज के पिता चंद्रजीत से फोन पर बातचीत की। उदयराज से भी कहा। दुल्हन के घर की परिस्थिति को देखते हुए उदयराय शादी के लिए तैयार हो गया। फिर प्रतिमा की शादी उदयराज के साथ धूमधाम से हुई।
चर्चा में बनी रही शादी: सामाजिक कार्यकर्ता पप्पू पांडेय, प्रधान पति जयप्रकाश आदि ने शादी संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस शादी के चर्चा क्षेत्र में जोरों पर है। वहीं हजारों किलोमीटर दूर से शादी की सहमति देने वाले युवक के माता-पिता की दरियादिली की भी लोग खूब सराहना कर रहे हैं।