Kapilvastu Mahotsav: सिद्धार्थनगर में बोले केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, देश भर में बनाए जाएंगे 220 हवाई अड्डे
केंद्रीय राज्यमंत्री सड़क एवं परिवहन सेवानिवृत्त थल सेनाध्यक्ष जनरल डा. वीके सिंह ने 20 नवंबर को बीएसए मैदान में पांच दिवसीय कपिलवस्तु महोत्सव 2021 का भव्य शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पूरे देश में सड़क मार्ग से जनता सीधे जुड़ चुकी है।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। केंद्रीय राज्यमंत्री सड़क एवं परिवहन सेवानिवृत्त थल सेनाध्यक्ष जनरल डा. वीके सिंह ने 20 नवंबर को बीएसए मैदान में पांच दिवसीय कपिलवस्तु महोत्सव 2021 का भव्य शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पूरे देश में सड़क मार्ग से जनता सीधे जुड़ चुकी है। अब केंद्र सरकार देश में 220 नए हवाई अड्डे बनाने जा रही है। सिद्धार्थनगर में भी इसकी सुविधा हो, इसका पूरा प्रयास किया जाएगा। यदि जमीन दें तो यह भी काम हो जाएगा।
कुशीनगर में बदलाव दिख रहा है
कुशीनगर में हमने बदलाव देखा है और यहां दिख रहा है। महोत्सव का स्वरूप देखकर ऐसा नहीं लगता कि यह प्रदेश का आकांक्षी जनपद है। किसी संस्कृति को बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम कराने की आवश्यकता है। यह दिन ब दिन ऊचाइयों पर पहुंच रहा है। सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा पूरा देश आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर अमृत महोत्सव मना रहा है। कपिलवस्तु महोत्सव का थीम भी यहीं है। देश की एकता को बनाए रखने का संकल्प लेना होगा। गौतम बुद्ध ने पूरे विश्व को शांति व अहिंसा का संदेश दिया है।
काला नमक चावल ने दुनिया में बनाई पहचान
सांसद ने कहा कि काला नमक चावल ने दुनिया में पहचान बना लिया है। आज देश में सीमा की सुरक्षा के लिए सेना की आवश्यकता को पूरा करने के देश में औद्योगिक क्रांति लाया गया है। अब भारत हथियार आयात नहीं निर्यात किया जा रहा है। यह है आत्मनिर्भर भारत का नया रूप। केंद्रीय मंत्री से कपिलवस्तु में हवाई अड्डा की मांग की। स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने कहा की कपिलवस्तु महोत्सव ने अंतरराष्ट्रीय पहचान बना ली है। जनपद में कई विकास कार्य हुए हैं। इस महोत्सव के माध्यम से नए रोजगार के अवसर प्रदान होंगे।
विकास का रोडमैप है सांसद खेल महाकुंभ
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वत्रंत प्रभार डॉ सतीश द्धिवेदी ने कहा कि कपिलवस्तु महोत्सव मनोरंजन का साधन ही नहीं है बल्कि यहां जिले के विकास का रोडमैप निर्माण होता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस जिले के पिछड़ेपन को देखा और इसे आगे ले जाने की पहल की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहल करते हुए मेडिकल कालेज तैयार हुआ। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा बेहतर हुई है। काला नमक चावल ने अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई है। स्कूली शिक्षा में प्रदेश ने देश के अग्रणी राज्यों में पहचान बनाई है। केंद्रीय मंत्री से मांग की ढेबरुआ-डुमरियागंज-बस्ती मार्ग को गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ा जाए। जिससे इस क्षेत्र का विकास हो सके।
पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सीमाएं सुरक्षित
विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की सीमाएं सुरक्षित हुआ है। केंद्र सरकार ने अयोध्या में राम मंदिर व कश्मीर से धारा 370 को हटाने का काम किया है। देश प्रगति पथ पर तेजी से आगे बढ़ा है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि वर्ष 1992 में तैनात तत्कालीन सीडीओ की पत्नी ने कपिलवस्तु महोत्सव की नींव रखी थी। इससे स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान किया है। इस बार महोत्सव का थीम आजादी पर आधारित होगा। परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक व शिक्षिकाओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। 'वीणा वादिनी ज्ञान की देवी, सिर पर हाथ धरों मां, सारे संगीत सवारें, सात सुरों में वास तेरा' का गायन किया।
महोत्सव में गाया गया कुलगीत
साकेत मिश्रा एवं टीम ने महोत्सव के कुलगीत 'ऐ कपिलवस्तु की पुण्य भूमि तेरी यश गाथा गाएं, बुद्धम शरणम, धम्मम शरणम, संघम शरण में जाएं' को सुनाया। शोहरतगढ़ अमर सिंह चौधरी, जिला प्रभारी राम जियावन, जिलाध्यक्ष गोविंद माधव, जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि उपेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी दीपक मीणा, पुलिस अधीक्षक डॉ यशवीर सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ओजस्वी राज, रामकुमार कुंवर आदि मौजूद रहे।