Coronavirus : बस्ती में कोरोना के दो और मरीज मिले, सात हुई कोरोना पीडि़तों की संख्या Basti News
Coronavirus बस्ती जिले में कोरोना संक्रमण के दो और मरीज मिले हैं।
बस्ती, जेएनएन। कोरोना वायरस ने बस्ती जिले में तेजी से पांव पसारना शुरू कर दिया है। शुक्रवार की शाम को जिला अस्पताल और बस्ती मेडिकल कालेज में भर्ती 17 कोरोना संदिग्धों का सेंपल जांच के लिए भेजा गया था। इसमें से दो की रिपोर्ट पाजिटिव आ गई है। इसी के साथ बस्ती में कोरोना पीड़ितों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। कोरोना के दोनों नए मरीज भी मृतक के सगे संबंधी हैं । एक उसका जीजा और दूसरी उसकी चाची है। जीजा गोरखपुर जिले के हैं। वह मेडिकल कॉलेज में मृतक साले से इलाज के समय मिलने गए थे। जहां वह संक्रमण की चपेट में आ गए। जनाजे में बस्ती आये थे लेकिन मौत की वजह जानते ही सदमे में आ गए। वह बस्ती मेडिकल कॉलेज में आईसोलेट किये गए है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ फखरे यार ने इसकी पुष्टि की।
दो दर्जन लोग आइसोलेट किए गए
कोरोना से ग्रसित बस्ती शहर के तुरकहिया,गांधी नगर मोहल्ले के एक युवक की बीते 30 मार्च को गोरखपुर मेडिकल कालेज में मौत हो गई। इसके बाद बस्ती में कोरोना वायरस का फैलाव शुरू हो गया। परिवारीजनों के साथ ही दोस्त, शुभचिंतक और रिश्तेदार संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। शनिवार को मृत युवक का इलाज करने वाले एक निजी चिकित्सक भी आइसोलेट हो गए। संक्रमण का फैलाव रोकने के लिए अब दो दर्जन लोग क्वारंटाइन और आइसोलेट किए गए हैं।
कोरोना पाजिटिव के सात केस
जैसे जैसे कोरोना संदिग्धों की जांच रिपोर्ट आ रही है इससे ग्रसित मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। सबसे पहले गुरुवार को गिदही खुर्द के एक युवक की रिपोर्ट पाजिटिव आई। यह मृतक के संपर्क में इलाज के समय आया था। शुक्रवार को मृतक की मां और दो भाइयों की रिपोर्ट पाजिटिव आ चुकी है। शनिवार को दो और मरीजों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। मृतक के पिता और बहनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है लेकिन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कर उनकी निगरानी की जा रही है। दूसरी बार जांच में निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद उनको घर भेज दिया जाएगा लेकिन इन सभी को घर में ही दो महीने तक क्वारंटाइन रखा जाएगा।
बस्ती में कोरोना वायरस से ग्रसित मरीजों की स्थिति
दिनांक कोरोना पाजिटिव निगेटिव मृत्यु
30 मार्च 1 00 1
2 अप्रैल 1 5 0
3 अप्रैल 3 6 0
4 अप्रैल 2 17
मस्जिदों के बाहरी हिस्से सैनिटाइज किए गए
उधर, तब्लीगी जमात से कोरोना फैलने के बाद गोरखपुर में नगर निगम ने मस्जिदों के बाहरी हिस्सों को सैनिटाइज करना शुरू कर दिया है। नगर निगम के टैंकरों से छिड़काव कराया जा रहा है। मस्जिदों के साथ ही आसपास और सड़क के दूसरी तरफ की दुकानों पर भी छिड़काव किया जा रहा है। सोडियम हाइपो क्लोराइट घोल का छिड़काव कर मस्जिदों को वायरस मुक्त किया जा रहा है। लॉकडाउन के कारण मस्जिदों को भी बंद रखा गया है। नगर निगम की टीम ने लॉकडाउन की शुरुआत में मस्जिदों को सैनिटाइज किया था। अब एक बार फिर अभियान शुरू कर दिया है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी ने बताया कि पूरे शहर का सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। मस्जिदों को फिर से सैनिटाइज किया जा रहा है।
एंबुलेंस और स्ट्रेचर भी सैनिटाइज
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में शुरू हुआ नगर निगम का छिड़काव अभियान शनिवार को भी जारी रहा। कॉलेज परिसर में छिड़काव के साथ ही टीम ने सभी एंबुलेंस और स्ट्रेचर को सैनिटाइज किया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी ने बताया कि हर छह घंटे पर सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है।
दाउदपुर में विधायक ने कराया सैनिटाइजेशन
नगर निगम की टीम ने शनिवार को दाउदपुर में छिड़काव किया। नगर विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने टीम को बुलाया था। अपर नगर आयुक्त डीके सिन्हा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी के साथ नगर विधायक कई मोहल्लों में गए और छिड़काव के निर्देश दिए।