छेडखानी से तंग युवती ने किया आत्महत्या का प्रयास Gorakhpur News
गोरखपुर में एक युवती ने छेड़खानी से तंग आकर आत्महत्या का प्रयास किया। युवती की मां ने गगहा थाना पुलिस को तहरीर देकर एक युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। आरोप है कि आरोपित तीन वर्ष से उनकी पुत्री को परेशान करता है।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर में छेड़खानी से तंग आकर एक युवती ने आत्महत्या का प्रयास किया। युवती की मां ने गगहा थाना पुलिस को तहरीर देकर एक युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि आरोपित तीन वर्ष से उनकी पुत्री को परेशान करता है। महिला ने आरोप लगाया है कि छेड़खानी से तंग आकर उनकी बेटी ने बीते 22 सितंबर को फांसी लगा लिया था। दूसरी बेटी ने उसे देखा तो उसे किसी तरह बचाया गया, लेकिन उसकी हालत अभी भी गंभीर है। उसका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी राजप्रकाश सिंह का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जाऐगी।
दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार
खोराबार क्षेत्र में दुष्कर्म के आरोपित युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया। शादी करने का झांसा देकर परिचित युवती को साथ ले आया था। गर्भ ठहरने पर शादी का दबाव बनाया तो गर्भपात करा दिया। छह दिन पहले पीडि़त ने खोराबार थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। 21 सितंबर को युवती ने खोराबार पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रुद्रापुर गांव के रहने वाले नौसाद से उसका प्रेम संबंध था। एक साल पहले शादी करने का झांसा देकर वह घर से लेकर चला आया। रामनगर कड़जहां में किराए पर कमरा लेकर नौसाद रहता था। गर्भ ठहरने पर उसने शादी करने का दबाव बनाया तो छोड़कर हो गया। प्रभारी निरीक्षक खोराबार नासिर हुसैन ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
युवक के खिलाफ यौन शोषण का आरोप, मुकदमा दर्ज
पिपराइच क्षेत्र के एक गांव की युवती ने बेला काटां निवासी युवक पर यौन शोषण और उसके पिता समेत तीन पर रविवार को मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया। पीड़िता ने तहरीर में आरोप लगाया कि शादी का झांसा देकर बेला कांटा गांव के संजय वर्मा ने चार साल यौन शोषण किया। दबाव बनाने पर कोर्ट में शादी की। शादी के बाद ससुराल रहने गयी तो उसके स्वजन ने घर में घुसने नहीं दिया। ससुराल में रहने की जिद की तो संजय के पिता समेत तीन लोगों ने पीटा और डंडे के जोर पर खदेड़ दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर संजय वर्मा के खिलाफ दुष्कर्म व पिता समेत तीन लोगों पर मारपीट, जानमाल की धमकी की धारा में केस दर्ज किया गया है। शीघ्र ही आरोपितों की गिरफ्तारी हो जाएगी।
प्रेमी युगल पर अश्लील हकरत करने का केस, गाड़ी सीज
एक दिन पूर्व कार में अश्लील हरकत करते पकड़े गए प्रेमी युगल के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत करने केस दर्ज कर खोराबार पुलिस ने कार सीज कर दी है। थानेदार ने घरवालों को बुलाकर रात में दोनों को निजी मुचलके पर छोड़ा। खोराबार थाने पर तैनात दारोगा पंकज सिंह ने तहरीर में लिखा है कि शनिवार की शाम सहारा क्लब के पास लाल रंग की कार खड़ी थी। स्थानीय लोगों ने फोन कर बताया कि कार में बैठे युवक और युवती अश्लील हरकत कर रहे हैं। महिला सिपाहियों के साथ पहुंचने के बाद उन्होंने दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में युवक की पहचान चौरीचौरा निवासी अमित सिंह के रूप में हुई। युवती चिलुआताल की रहने वाली है। प्रभारी निरीक्षक खोराबार नासिर हुसैन ने बताया कि रात में घरवालों को बुलाकर युवक व युवती को मुचलके पर छोड़ दिया गया।