ट्रेनें फुल, बसों का पता नहीं ; गोरखपुर में भटक रहे बिहार जाने वाले यात्री Gorakhpur News
छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की परेशानियां और बढ़ती जा रही हैं। दिल्ली पंजाब और मुंबई से आने वाली ट्रेनों में जगह नहीं है।
गोरखपुर, जेएनएन। छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की परेशानियां और बढ़ती जा रही हैं। दिल्ली, पंजाब और मुंबई से आने वाली ट्रेनों में जगह नहीं है। बिहार और पूर्वांचल के लोग किसी तरह गोरखपुर तो पहुंच जा रहे, लेकिन यहां से उनकी राह मुश्किल हो जा रही है। सर्वाधिक परेशानी बिहार के लोगों को हो रही है। उनके लिए रोडवेज की बसें नहीं मिल रहीं। डग्गामार वाहनों का ही भरोसा रह गया है।
बिहार के यात्रियों के लिए रेल म्यूजियम के सामने तैयार हो गया नया बस अड्डा
बिहार जाने वाली प्राइवेट बसों ने रेल म्यूजियम के सामने नया बस अड्डा तैयार कर लिया है। बिहार जाने वाले यात्री सुबह से ही जम जा रहे हैं। दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है। बस संचालक यात्रियों को जबरदस्ती छतों पर बैठाकर ले जा रहे हैं। गोपालगंज और मुजफ्फरपुर तक की यात्रा लोग बस की छतों पर बैठकर कर रहे हैं। हालांकि परिवहन निगम अतिरिक्त बसें संचालित कर रहा है लेकिन अधिकतर दिल्ली, कानपुर और लखनऊ रूट पर ही चल रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में रोडवेज की बसों का टोटा है। तमकुही, लार, देवरिया, रुद्रपुर, बरहज आदि मार्गों पर धड़ल्ले से प्राइवेट बसें चल रही हैं। रोडवेज को रोजाना लाखों रुपये की चपत भी लग रही है।
गोरखपुर आने वाली सभी स्पेशल ट्रेनें भी फुल
दिल्ली, पंजाब और मुंबई से गोरखपुर आने वाली और बिहार जाने वाली सभी स्पेशल गाडिय़ां भी फुल हो चुकी है। किसी भी ट्रेन में कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा। लोग वेटिंग टिकट के लिए परेशान है। गोरखधाम सहित अधिकतर ट्रेनों में नो रूम की स्थिति है। अधिक किराया होने के बाद भी सुविधा और हमसफर एक्सप्रेस ट्रेनों में वेटिंग टिकट मिल रहा है। यह तब है जब पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन तीस जोड़ी स्पेशल ट्रेनें संचालित कर रहा है।