गोरखपुर के कौवाबाग अंडरपास से आवागमन फरवरी से होगा शुरू Gorakhpur News
सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह का कहना है कि कौवाबाग अंडरपास का फिनिशिंग कार्य तेजी से चल रहा है। इसके बाद इसे जनता के सुगम आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।
गोरखपुर, जेएनएन। बहुप्रतीक्षित कौवाबाग फरवरी में आम जनता के लिए खुल जाएगा। इंजीनियरों ने क्रासिंग पर रेल लाइन के नीचे लगभग 43 मीटर लंबा बाक्स सेट कर दिया है। दक्षिणी एप्रोच मार्ग और शेड लगभग बनकर तैयार हैं। उत्तर की तरफ भी जोरशोर से कार्य चल रहा है। जनवरी तक एप्रोच मार्ग के कार्य भी पूरे कर लिए जाएंगे।
आधुनिक शेड लगाने का कार्य जारी
एप्रोच मार्ग पर अति आधुनिक शेड लगाने का कार्य जारी है। शेड लग जाने से अंदर अंधेरा नहीं होगा, बारिश का पानी भी जमा नहीं होगा। वैसे पानी निकासी के लिए दो बड़े पंप लगाए जाएंगे।
पर्यावरण और स्वच्छता का संदेश देंगी एप्रोच मार्ग की दीवारें
फिलहाल, एप्रोच मार्ग के बाहरी तरफ पौधे लगाए जा रहे हैं, ताकि आसपास हरियाली बनी रहे। अंदर एप्रोच मार्ग की दोनों दीवारों पर सफेद रंग की पुट्टी भी होने लगी है। रेलवे प्रशासन ने दीवारों का उपयोग आम लोगों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देने के लिए करेगा।
होगी चित्रकारी की प्रतियोगिता
इसके लिए खास योजना तैयार की है। जिसमें जनवरी के अंतिम सप्ताह में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय सहित कालेजों के छात्रों को पर्यावरण और स्वच्छता से संबंधित चित्रकारी के लिए आमंत्रित किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ सहित अन्य प्रतिभागियों को भी पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। एप्रोच मार्ग की दीवारों पर उकेरे गए चित्र लोगों को आकर्षित करने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक भी करेंगे।
अंडरपास से आसान हो जाएगी हजारों लोगों की राह
लगभग 15 करोड़ रुपये से अंडरपास का निर्माण हो रहा है। इसके बन जाने से हजारों लोगों की राह आसान हो जाएगी। क्रासिंग बंद होने से रेलकर्मी ही नहीं आम लोग भी असुरन-धर्मशाला तथा चारफाटक ओवरब्रिज होकर आवागमन कर रहे हैं। दरअसल, अंडरपास का निर्माण मार्च 2019 तक पूरा होना था। लेकिन क्रासिंग के नीचे नमी होने से 13 मीटर बाक्स धंस गया। इसके चलते कार्य पूरा होने में करीब एक वर्ष का समय अधिक लग गया है।
फिनिशिंग का कार्य जारी
इस संबंध में पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह का कहना है कि कौवाबाग अंडरपास का फिनिशिंग कार्य तेजी से चल रहा है। इसे शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद इसे जनता के सुगम आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।