स्वस्थ रहना है तो इन चीजाें से करें परहेज, खाद्य विभाग ने जारी की एडवायजरी Gorakhpur News
खानपान का बदलता अंदाज लोगों की सेहत पर बुरा प्रभाव डाल रहा है। इसका प्रमुख कारण दैनिक खानपान में नमक तेल और चीनी की बढ़ती मात्रा है। कुछ चीजों का परहेज कर स्वस्थ रहा जा सकता है।
गोरखपुर, जेएनएन। स्वस्थ सेहत के लिए पौष्टिक भोजन जरूरी है। खानपान का बदलता अंदाज भी लोगों की सेहत पर बुरा प्रभाव डाल रहा है। इसका प्रमुख कारण दैनिक खानपान में नमक, तेल और चीनी की बढ़ती मात्रा है। शारीरिक श्रम के अभाव और आरामदायक दिनचर्या के कारण शरीर में बड़े पैमाने पर विषैले तत्व एकत्रित हो जाते हैं, जो अनेक गंभीर बीमारियों को जन्म देते हैं।
बच्चों की सेहत पर बुरा प्रभाव
खाद्य विभाग के मुताबिक परंपरागत भारतीय खानपान की जगह आधुनिक और पाश्चात्य शैली पर आधारित पैकेज्ड या डिब्बा बंद खाद्य पदार्थ, जंक और फास्ट फूड का सेवन नागरिकों खासतौर पर बच्चों की सेहत पर बुरा प्रभाव डाल रहा है। जंक व फास्ट फूड ट्रांसफैट, शुगर, सोडियम और लेड जैसे खतरनाक रसायनों का प्रयोग कर टेस्टी तो बनाया जाता है, लेकिन वह हेल्दी नहीं रह जाता। इसमें ट्रांसफैट, सिंथेटिक कलर, एसेन्स के रूप में रासायनिक पदार्थों और शुगर की काफी मात्रा होती है। आवश्यक पोषक तत्वों के अभाव के कारण शरीर की प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है।
सावधानी है जरूरी
फिजीशियन डॉ.मोहन झा के मुताबिक छोटी-छोटी सावधानी बरत कर खाद्य जनित बीमारियों से बचा जा सकता है। मौसमी फल-सब्जियों के सेवन से शरीर को आवश्यक पोषक तत्वों की आपूर्ति होती है। दैनिक खान-पान में फोर्टीफाइड फूड के सेवन और संतुलित व सुरक्षित खाद्य सामग्री के प्रयोग से शरीर की प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है और आप खुद को अधिक स्वस्थ महसूस करते हैं।
चलाया जा रहा अभियान
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी अजीत कुमार कहते हैं कि आम जनमानस को सुरक्षित, संतुलित खाद्य पदार्थों के सेवन तथा खाद्य कारोबारियों द्वारा सुरक्षित खाद्य पदार्थ निर्माण हेतु जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
यह बरतें सावधानी
- फोर्टीफाइड फूड का सेवन करें
- चमकीले और रंगीन खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें
- फल और सब्जियों का सेवन सदैव धोकर करें
- फलों पर स्टीकर का प्रयोग न करें
- पौष्टिक भोजन, स्वस्थ जीवन पर ध्यान दें
- डिब्बाबंद खाद्य पदार्थों के उपयोग से पूर्व लेबल अवश्य देखें
- अखबार एवं पॉलिथिन का प्रयोग खाद्य पदार्थों को रखने के लिए न करें
- कटे-सड़े-गले फल व सब्जियों का सेवन न करें