तिलक समारोह शुरुआत में ही ठेकेदार से हुआ था विवाद
गोरखपुर गोरखनाथ क्षेत्र के राजेंद्रनगर कालोनी में चल रहे तिलक समारोह में ठेकेदार अरविंद
गोरखपुर
गोरखनाथ क्षेत्र के राजेंद्रनगर कालोनी में चल रहे तिलक समारोह में ठेकेदार अरविंद कुमार सिंह की हत्या करने वाले बदमाशों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। उनके संपर्क में होने के संदेह में पुलिस कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। छानबीन में पता चला है कि हमलावरों के तिलक समारोह में पहुंचने के कुछ देर बाद ही ठेकेदार से विवाद हो गया था। उसी समय दोनों पक्ष ने एक दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी।
गोरखनाथ क्षेत्र के रामनगर मिर्जापुर, पचपेड़वा निवासी अभिषेक सिंह का सोमवार को तिलक समारोह राजेंद्रनगर स्थित जश्न मैरेज हाल में सोमवार की रात तिलक समारोह चल रहा था। लड़के वालों की तरफ से गोरखनाथ के ही रामनगर मिर्जापुर, पचपेड़वा निवासी रेलवे के ठेकेदार अरविंद कुमार सिंह खानपान की व्यवस्था संभाल रहे थे। रात में एक बजे के आसपास लड़की पक्ष के कुछ युवक खाना खा रहे थे। इस दौरान विवाद होने पर उन्होंने अरविंद को गोली मार दी। जिससे उनकी मौत हो गई। इस मामले में तीन नामजद सहित पांच के विरुद्ध मुकदमा दर्ज है।
बताते हैं कि ठेकेदार को गोली मारने के आरोपी रात में नौ बजे के आसपास समारोह में पहुंचे थे। सभी शराब के नशे में धुत थे। समारोह में पहुंचते ही उन्होंने महिलाओं को देखकर अभद्रता शुरू कर दी। लड़के वालों के पारिवारिक मित्र अरविंद को यह बात बुरी लगी तो उन्होंने उनको ऐसा करने से मना किया। इस पर उसी समय युवकों से उनका विवाद हो गया था। तनाव अधिक बढ़ने पर ठेकेदार ने समारोह में शामिल पत्नी और बेटे को घर पहुंचा दिया। थोड़ी देर बाद समारोह में वापस लौटे तो उनसे विवाद करने वो युवक खाना खा रहे थे। हलवा खिलाने के बहाने वह युवकों के खाने के टेबल पर पहुंच गए। इसके बाद हुए विवाद में युवकों ने उन्हें गोली मार दी।
ठेकेदार के पिता लक्ष्मीनारायण सिंह की तहरीर पर पुलिस ने इस मामले में असुरन, शाहपुर निवासी आशुतोष भट्ट, शिवपुर सहबाजगंज, गुलरिहा निवासी दीपक सिंह और निक्की तथा दो अन्य अज्ञात के विरुद्ध हत्या और लूट का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों को पता लगाने के लिए उनके परिजनों के साथ ही साथ पुलिस ने उनसे जुड़े कई लोगों को हिरासत में लिया है।