Move to Jagran APP

गोरखपुर व बस्ती मंडल में कड़ाके की ठंड, तीन की मौत Gorakhpur News

गोरखपुर और बस्ती मंडल के जिलों में ठंड का कहर बना हुआ है। ठंड से सोमवार को तीन लोगों की मौत हुई है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Published: Tue, 31 Dec 2019 10:54 AM (IST)Updated: Tue, 31 Dec 2019 04:50 PM (IST)
गोरखपुर व बस्ती मंडल में कड़ाके की ठंड, तीन की मौत Gorakhpur News
गोरखपुर व बस्ती मंडल में कड़ाके की ठंड, तीन की मौत Gorakhpur News

गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर व बस्ती मंडल के जिलों में ठंड का कहर बना हुआ है। ठंड से सोमवार को तीन लोगों की मौत हुई है। देवरिया जिले में सदर कोतवाली के बांसपार बुजुर्ग निवासी रामसेवक (30) पुत्र लालू रविवार को मजदूरी करने के बाद घर लौटे और भोजन करने के बाद सो गए। रात में एक बजे परिजनों ने देखा तो उनकी हालत खराब थी। जबतक लोग उपचार की व्यवस्था करते उनकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि मौत ठंड लगने से हुई है।

loksabha election banner

इनकी हुई मौत

कुशीनगर के तरयासुजान थाने के गांव बसडीला बुजुर्ग के मौजा टोला निवासी शंभू प्रसाद (45) की रविवार की रात मौत हो गई। प्रधान लालमन यादव ने बताया कि ठंड लगने से मौत हुई है। महराजगंज के बृजमनगंज क्षेत्र के ग्राम हथिगढ़वा के टोला बेलौहा निवासी झीनक (55) की ठंड लगने से मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि ठंड से मौत हुई है। दो दिन में कुल सात मौत हो चुकी है। शनिवार को दोनों मंडल में चार की मौत हुई थी।

जानलेवा हुईं पछुआ हवाएं

ठंड के लिहाज से सोमवार का दिन गोरखपुर के लोगों को थोड़ी राहत दे गया। दिन में धूप निकली। हालांकि धूप के बीच ठंड पछुआ हवाएं सताती रहीं, बावजूद इसके अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस से अधिक की बढ़ोतरी धूप की वजह से दर्ज की गई। रविवार को जो अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस था, सोमवार को बढ़कर 14.6 तक पहुंच गया। धूप से पहले और धूप के बाद ठंड की स्थिति पहले से ज्यादा बर्फीली रही। इसकी वजह से सोमवार को न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। रविवार को यह 7.7 डिग्री सेल्सियस था।

5.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा न्यूनतम तापमान

धूप निकले और पर ठंड से राहत न मिले। यह विरोधाभास शहर के मौसम में देखने को मिला। दिन की शुरुआत कड़ाके की ठंड के साथ हुई। नतीजा न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जैसे-जैसे दिन बढ़ा कोहरे पर धूप का प्रभाव बढ़ता गया। एक  बारगी लगा कि जल्द ठंड बैकफुट पर नजर आएगी लेकिन सर्द पछुआ हवाओं ने ऐसा नहीं होने दिया। धूप के बीच सर्द हवाएं ठंड की मजबूती का अहसास कराती रहीं। शाम ढलते ही ठंड को लेकर फिर से पुरानी स्थिति बहाल हो गई। शहर ने कोहरे की चादर ओढऩी शुरू कर दी। कड़ाके की ठंड ने फिर से शहर को अपने आगोश में ले लिया। धूप को सिर्फ इतनी सफलता मिल सकी कि उसने अधिकतम तापमान को बीते दिन के मुकाबले करीब दो डिग्री सेल्सियस से अधिक बढ़ा दिया।

जारी रहेगी ठंड

रविवार को अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस था तो सोमवार को वह 14.6 डिग्री सेल्सियस हो गया। जबकि न्यूनतम तापमान में बीते दिन के मुकाबले 2.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। रविवार का न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस था जबकि बुधवार को यह 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय के मुताबिक कड़ाके की ठंड का सिलसिला फिलहाल जारी रहेगा। दो से चार तारीख के बीच बारिश का पूर्वानुमान है। इसे लेकर वायुमंडलीय परिस्थितियां तैयार हो रही हैं।

एक बार फिर कोल्ड-डे और कोल्ड-वेव की चपेट में रहा शहर

मौसम विभाग के मानक के मुताबिक दिसंबर में अधिकतम तापमान के 16 डिग्री सेल्सियस से कम वाले दिन को कोल्ड-डे की श्रेणी में रखा जाता है और छह डिग्री सेल्सियस से कम न्यूनतम तापमान वाले दिन को कोल्ड-वेब। सोमवार का दिन दोनों ही मानक पर खरा उतरा है। ऐसे में यह दिन कोल्ड-डे और कोल्ड-वेव दोनों की चपेट में रहा। कोड-डे का सिलसिला लगातार छह दिन से चल रहा है जबकि कोल्ड-वेव का एक दिन के अंतराल पर।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.