Coronavirus: सिद्धार्थनगर में एक ही घर तीन कोरोना पॉजिटिव, एक की हो चुकी है मौत Siddharthnagar News
Coronavirus सिद्धार्थनगर में एक ही घर तीन कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। इस घर के एक सदस्य के कोरोना से पहले ही मौत हो चुकी है।
गोरखपुर, जेएनएन। सिद्धार्थनगर जिले के बांसी ब्लाक के ग्राम असिधवा में एक ही परिवार के तीन लोग कोरोना पॉजिटिव मिलने से दहशत व्याप्त हो गई है। परिवार के 60 वर्षीय एक सदस्य की कोरोना से मुंबई में ही 10 दिन पूर्व मौत हो जाने के बाद यह सभी अपने गांव आये थे। पॉजिटिव मिले इन तीनों में गांव के राम नरेश की 40 वर्षीय पत्नी, 21 वर्षीय बेटी एवं 18 वर्षीय पुत्र है। जो परिवार के 11 सदस्यों के साथ अपने निजी वाहन से 11 मई की रात मुंबई से घर आये थे।
11 मई की रात में 11 सदस्य अपने निजी वाहन से मुंबई से पहुंचे थे घर
राम नरेश गांव के काफी सम्पन्न हैं। परिवार के 12 सदस्यों के साथ वह मुंबई में ही रहते हैं। 10 दिन पूर्व इनके पिता राम अचल की कोरोना से मुंबई में ही मौत हो गई थी। इनका कर्म आदि करने के लिए बीते 11 मई को सभी अपने इनोवा व स्कार्पियो गाड़ी से रात में घर पहुंचे। यहां घर पर इनके पांच सदस्य रहते हैं। चूंकि पिता की मौत कोरोना से हुई है इस कारण सुबह राम नरेश ने सूचना प्रशासन को दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम मुंबई से आये सभी 11 सदस्यों को बांसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंची और सभी का नमूना लेकर उन्हें नगर के उर्वशी होटल में क्वारन्टाइन करवा दिया। जांच हेतु भेजे गए नमूने में आठ की रिपोर्ट तो निगेटिव आ गई पर राम नरेश की पत्नी, बेटी व बेटे की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली।
मुंबई में हुई थी पिता की मौत
इनका मकान गांव से हट कर एकांत में होने के कारण प्रशासन ने गांव को हॉटस्पॉट में नहीं रखा है। घर में रह रहे पांच सदस्यों सहित घर पर आने वाले एक लड़के की भी जांच प्रशासन अब करवा रहा है। एसडीएम शिव मूर्ति सिंह का कहना है कि राम नरेश ने पिता की मौत कोरोना से होने की बात फोन से 12 मई को जब हमे बताई तो मुंबई से आये सभी सदस्यों को हमने स्वास्थ्य केंद्र पर मंगवा लिया और नमूना लेने के बाद यहीं क्वारन्टाइन करवा दिया था।