Coronavirus lockdown : देश भर में लागू होगा गोरखपुर का ऑनलाइन डिलीवरी सिस्टम, PMO ने की सराहना Gorakhpur News
गोरखपुर के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गौरव सिंह सोगरवाल की ओर से लॉकडाउन के दौरान बनाई गई ऑनलाइन डिलीवरी पोर्टल मॉडल को प्रधानमंत्री कार्यालय ने सराहा है।
गोरखपुर, जेएनएन। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व उप जिलाधिकारी सदर गौरव सिंह सोगरवाल की ओर से लॉकडाउन के दौरान बनाई गई 'ऑनलाइन डिलीवरी पोर्टल' मॉडल को पीएमओ (प्रधानमंत्री कार्यालय) ने सराहा है। पीएमओ में निजी सचिव निखिल गजराज ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को फोन कर उनके इस शानदार प्रयास के लिए शुभकामनाएं दी है। निजी सचिव ने 'ऑनलाइन डिलीवरी पोर्टल' के क्रियान्वयन के बारे में जानकारी मांगी है जिससे इसे पूरे देश में लागू किया जा सके। इसके अलावा आइएएस एसोसिएशन ने भी गौरव के इस पहल की सराहना की है।
पटरी पर आई जरूरी सामानों की आपूर्ति की व्यवस्था
पूरे देश में लॉकडाउन घोषित होने के बाद लोगों के सामने जरूरी सामानों की आपूर्ति ठप होने से आवश्यक वस्तुओं का संकट गहराने लगा, वहीं गोरखपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की अनूठी पहल ने जरूरी सामानों की आपूर्ति की व्यवस्था को पटरी पर ला दिया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने 10 ऑनलाइन पोर्टल चलाकर लोगों के घरों तक खाद्यान्न की डिलीवरी सुनिश्चित करा दी। यही कारण है कि शहरी क्षेत्रों में लॉकडाउन को पूरी तरह सफल बनाने में प्रशासन को कामयाबी मिल सकी।
1400 दुकानें ग्रामीण क्षेत्रों में कर रहीं आपूर्ति
ग्रामीण इलाकों में खाद्यान्न समेत जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति के लिए 1400 दुकानों की सूची और उनके मोबाइल नंबर को फेसबुक व ग्राम प्रधानों के माध्यमों से गांव-गांव पहुंचाया गया। दुकानदार मनमानी कीमत न वसूले इसके लिए दुकानों पर एक लेखपाल की ड्यूटी लगाई गई। लेखपाल ग्राहक बनकर दुकानों पर फोन कर वस्तुओं की कीमत के बारे में जानकारी जुटाते हैं और जिस दुकानदार का परफार्मेंस ठीक नहीं मिलता है उसका नाम सूची से काट दिया जाता है।
पीएमओ से निजी सचिव निखिल गजराज का फोन आया था। उन्होंने 'ऑनलाइन डिलीवरी पोर्टल' की सराहना की है। इसका प्रजेंटेशन भेज दिया गया है। अब तक दो लाख से अधिक आर्डर आ चुके हैं। प्रतिदिन 30 हजार से ऊपर आर्डर आ रहे हैं। डिलीवरी के लिए 950 लोगों को लगाया गया है। इससे शहरी क्षेत्र के लगभग 40 हजार लोगों को घरों में रोकने में सफलता मिली है। - गौरव सिंह सोगरवाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट