chhath puja : यहां किन्नर गुरू भी रहती हैं ब्रत ; दो किमी तक लेटते हुए जाएंगी छठ घाट, कारण जानकर हैरान रह जाएंगे आप Gorakhpur News
गोरखपुर में किन्नर गुरु किरन छठ व्रत रहेंगी और घर से दो किमी तक लेटते हुए घाट तक जाएंगी। वहां अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य देकर यजमानों के लिएमंगल कामना करेंगी।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर जिले के पीपीगंज की किन्नर गुरु किरन यजमानों की सलामती के लिए पिछले 18 साल से छठ व्रत रहती हैं। इस बार भी वह व्रत रहेंगी और षष्ठी के दिन घर से दो किमी तक लेटते हुए घाट तक जाएंगी। वहां अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य देकर यजमानों के लिए मंगल कामना करेंगी।
किन्नर गुरु ने नहाय-खाय के दिन गुरुवार को लौकी की सब्जी व लावा भात ग्रहण कर छठ व्रत शुरु किया। उन्होंने बताया कि उनके इस कार्य में किन्नर शिल्पा, नयना, सिंदूर, बिंदु, रुखसार, तुलसी व काजल समेत दर्जन भर किन्नर सहयोग करती हैं। उनकी छठ पूजा में नगर व मोहल्ले के लोग भी शामिल होते हैं। किन्नर गुरु ने कहा कि वह न तो नर हैं, और न ही नारी। उनकी कोई संतान नहीं है। ऐसे में यजमान व उनके परिजन ही उनके सबकुछ हैं। उनकी सलामती के लिए वह व्रत रहती हैं। 18 वर्ष पूर्व जब गोरखपुर आई थीं, तभी से छठ व्रत हर साल करती हैं, पीपीगंज में भी छठ व्रत करते हुए उन्हें दस साल हो गए।
महापौर और अधिकारियों ने किया छठ घाट का निरीक्षण
महापौर सीताराम जायसवाल ने राप्ती तट के हनुमानगढ़ी और तकिया में छठ घाटों का निरीक्षण किया। छठ पूजा से पहले घाटों को पूरी तरह व्यस्थित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लाइटिंग, एप्रोच मार्ग व घाट का समतलीकरण हर हाल में शुक्रवार तक पूरा कर लिया जाए। मौके पर नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह व मुख्य अभियंता सुरेश चंद सहित नगर निगम के अनेक अधिकारी उपस्थित थे।
उधर, छठ घाट तकिया व लालडिग्गी का गुरुवार को एडीएम सिटी आरके श्रीवास्तव, सहायक नगर आयुक्त डीके सिन्हा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खामियों को दुरुस्त करने का निर्देश भी दिया।