North Eastern Railway: स्टेशन पर ट्रेनों की टाइमिंग को लेकर अब नहीं होगा भ्रम, डिस्प्ले बोर्ड पर भी मिलेगी सटीक जानकारी Gorakhpur News
यात्रियों को ट्रेनों की आनलाइन सूचना तो सही मिल जाती है लेकिन स्टेशन पर सटीक जानकारी नहीं मिल पाती। अक्सर स्टेशन पर ही यात्रियों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ठंड में कोहरे के समय तो यह परेशानी और बढ़ जाती है।
गोरखपुर, जेएनएन। ट्रेनों की टाइमिंग को लेकर रेल यात्रियों को अब किसी तरह का भ्रम नहीं होगा। आनलाइन ही नहीं रेलवे स्टेशनों पर भी ट्रेनों की सटीक जानकारी मिलेगी। इसके लिए रेलवे बोर्ड ने सभी प्रमुख स्टेशनों के ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड को नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (एनटीइएस) से जोडऩे की योजना तैयार की है। प्रथम चरण में पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर और लखनऊ जंक्शन के डिस्प्ले बोर्ड इससे जुड़ गए हैं। नए साल में अन्य प्रमुख स्टेशन भी जुड़ जाएंगे।
भारतीय रेलवे और इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कार्पोरेशन (आइआरसीटीसी) की वेबसाइट और एप एनटीइएस से जुड़े हैं। इनके अलावा ट्रेनों की आनलाइन जानकारी देने वाले अन्य पोर्टल व एप भी एनटीइएस से कनेक्ट होते हैं, लेकिन रेलवे स्टेशनों के सिस्टम में ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान व विलंबन आदि का समय मैनुअल भरा जाता है। इसके चलते स्टेशनों के डिस्प्ले बोर्ड पर अपडेट सूचना नहीं मिल पाती। ऐसे में आनलाइन और स्टेशनों की सूचना में अंतर आ जाता है। यात्रियों को ट्रेनों की आनलाइन सूचना तो सही मिल जाती है, लेकिन स्टेशन पर सटीक जानकारी नहीं मिल पाती। अक्सर, स्टेशन पर ही यात्रियों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ठंड में कोहरे के समय तो यह परेशानी और बढ़ जाती है।
सटीक जानकारी के लिए रेलवे ने मिलाया है इसरो से हाथ
ट्रेनों की हर पल सटीक जानकारी देने के लिए रेल मंत्रालय ने इंडियन स्पेस रिसर्च आर्गनाइजेशन (इसरो) से हाथ मिलाया है। इसरो ने अपने सैटेलाइट और रेलवे के सेंटर फार रेलवे इंफार्मेशन सिस्टम (क्रिस) को स्पेस डिवाइस के जरिये आपस में जोड़ दिया है। क्रिस के माध्यम से एनटीइएस ट्रेनों की अपडेट जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना शुरू कर दिया है। नए साल में कोहरा हो या मार्ग परिवर्तन और निरस्तीकरण। लोगों को हर पल सभी ट्रेनों की सही सूचनाएं मिलेंगी। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जन संपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह का कहना है कि रेलवे डिजिटलीकरण की दिशा में निरंतर बेहतर कार्य कर रहा है। इसी क्रम में गोरखपुर एवं लखनऊ जंक्शन के ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड को एनटीइएस के साथ इंटीग्रेट कर दिया गया है। ताकि, यात्रियों को ट्रेनों की रियल टाइम जानकारी मिल सके।