तीसरे दिन भी नहीं हुई महिला की शिनाख्त, झाड़ी में मिला था अर्धनग्न शव Gorakhpur News
गोरखपुर पुलिस तीन बाद भी अर्धनग्न महिला के शव की पहचान नहीं कर पाई है। मर्चरी हाउस में मृतका का शव रखकर पिपराइच पुलिस 72 घंटे से प्रतीक्षा कर रही है लेकिन अभी तक उसके घर से कोई सामने नहीं आया है।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल छत्रधारी टोला शाहपुर में शुक्रवार सुबह झाडि़यों में 40 वर्षीया महिला का अर्धनग्न शव मिला था। मृतका का तीसरे दिन रविवार भी शिनाख्त नहीं हो सका। शव मिलने के भी 72 घंटे बाद भी मृतका के घर का कोई व्यवक्ति उसकी पहचान के सामने नहीं आ सका है। ऐसे में हत्यारोपितों तक पहुंचना पुलिस के लिए टेढ़ी खीर है।
72 घंटे में नहीं आया मृतका का कोई वारिस, आज होगा पोस्टमार्टम
मर्चरी हाउस में मृतका का शव रखकर पिपराइच पुलिस 72 घंटे से प्रतीक्षा कर रही है, लेकिन अभी तक उसके घर से कोई सामने नहीं आया है। पुलिस मानना है कि मृतका पिपराइच नहीं, बल्कि कहीं और की रहने वाली है। वह यदि पिपराइच व उसके इर्द-गिर्द के थाने की रहने वाली होती तो अब तक उसके घर से कोई ना कोई आ गया होता। यदि हत्या में घर वाले ही शामिल हुए तो मायके पक्ष के लोग अब तक पुलिस के पास पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करा चुके होते हैं।
महराजगंज, कुशीनगर के अलावा अन्य जिलों पर भी पुलिस का ध्यान
पुलिस को आशंका है कि वह गोरखपुर के बजाय किसी और जिले की रहने वाली है और उसकी हत्या कहीं और हुई है, लेकिन जब तक मृतका की शिनाख्त नहीं होती, पुलिस का हत्यारोपितों तक पहुंचना आसान नहीं है। ऐसे में वह महराजगंज, कुशीनगर के अलावा संतकबीरनगर, देवरिया व अन्य जिलों से भी संपर्क साध रही है। पुलिस का मानना है कि हत्या के पर्दाफाश के लिए मृतका का शिनाख्त होना जरूरी है। उसके बाद ही हत्यारोपित नहीं पहुंचा जा सकता है। मृतका का शव जंगल छत्रधारी के टोला शाहपुर कैसे ले गया होगा, पुलिस इसे लेकर भी मंथन कर रही है। इस लिए शुक्रवार से पूर्व के इर्द-गिर्द कस्बों की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है, लेकिन अभी कहीं से कोई सफलता मिलती नहीं दिख रही है।
पहनावे से भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची पुलिस
मृतक के शरीर पर सिर्फ ब्लाउज व पेटीकोट मौजूद था। पुलिस कपड़े के आधार पर भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। पुलिस सिर्फ आशंका व्यक्त कर रही है कि मृतका गरीब अथवा मध्यम वर्गीय परिवार से रही होगी।
72 घंटे पूरे होने वाले हैं। सोमवार को मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। शिनाख्त होने के बाद तो आधा मामला हल हो जाएगा। उसके बाद घटना का खुलासा बहुत मुश्किल नहीं होगा। इर्द-गिर्द से पता किया जा रहा है। जल्द ही सफलता मिलेगी। - दिनेश कुमार मिश्रा, थानाध्यक्ष पिपराइच।