स्थाई मंच पर स्थापित होगी महंत दिग्विजयनाथ की प्रतिमा, मुख्यमंत्री करेंगे अनावरण
सर्किट हाउस के पास महंत दिग्विजयनाथ पार्क में उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है। 23 सितंबर को मुख्यमंत्री उनकी प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद रहेंगे। प्रतिमा अनावरण करने के बाद मुख्यमंत्री जनता को संबोधित भी करेंगे।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। सर्किट हाउस के बगल में स्थापित महंत दिग्विजयनाथ की प्रतिमा के सामने 23 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन होगा। यह प्रतिमा उन्हीं के नाम से बने पार्क में निर्मित कराए गए स्थाई मंच पर स्थापित की गई है। प्रतिमा का अनावरण करने के बाद इसी मंच से मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद रहेंगे। महंत दिग्विजयनाथ पार्क शहर का पहला पार्क है जहां प्रतिमा के सामने भव्य स्थायी मंच का निर्माण किया गया है।
23 सितंबर को होगा प्रतिमा का अनावरण
महंत दिग्विजयनाथ की पुण्यतिथि पर 23 सितंबर को दोपहर बाद दो बजे मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री उनकी प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसी के साथ वार्ड नंबर 12 जनप्रिय विहार में महंत दिग्विजनाथ स्मृति द्वार का लोकार्पण और पार्क व सड़क के कार्यों का मुख्यमंत्री शिलान्यास करेंगे।
दीवार पर महंत दिग्विजयनाथ का अक्स
महंत दिग्विजयनाथ पार्क की दीवार पर महंत दिग्विजनाथ का अक्स हर तरफ दिख रहा है। म्यूरल पेंटिंग के जरिये महंत दिग्विजयनाथ के चित्र और जीवन यात्रा को दिखाया जा रहा है। राम मंदिर को लेकर किए गए उनके संघर्ष की गाथा भी दीवार पर होगी। महंत दिग्विजयनाथ की तकरीबन 12.5 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा स्थापित की गई है।
पार्क में तैयार हो रहा ओपेन जिम
महंत दिग्विजयनाथ पार्क के चारो तरफ अर्नामेंटल लाइट लगाई जा रही है। पार्क के एक हिस्से को ओपेन जिम के रूम में विकसित किया जा रहा है। ब'चों के लिए झूले आदि लगाए जा रहे हैं। मंगलवार को यहां उपकरण भी लगने लगे। इस पर तकरीबन 10 लाख रुपये खर्च हो रहे हैं। अफसरों का कहना है कि जल्द ही पार्क आम नागरिकों के लिए खोल दिया जाएगा।
ऐसे बना है पार्क
महंत दिग्विजयनाथ पार्क को तीन हिस्सों में बांटा गया है। नौकायन के तरफ के हिस्से में पार्किंग बनाई गई है। इससे सटे पीछे पाथ वे बनाया जा रहा है। इसी के बगल में ओपेन जिम है। मुख्य हिस्से में पार्क है।
पूरी कर ली गई है अनावरण की तैयारी
जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि महंत दिग्विजयनाथ की प्रतिमा के अनावरण की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। पार्क के बाहर और अंदर अर्नामेंटल लाइट लगाई जा रही है। म्यूरल पेंटिंग का काम भी पूरा होने की ओर है। पार्किंग और ओपेन जिम की भी व्यवस्था की गई है।
महापौर ने किया दिग्विजनाथ पार्क का निरीक्षण
महापौर सीताराम जायसवाल और उपसभापति ऋषि मोहन वर्मा ने मंगलवार रात महंत दिग्विजयनाथ पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली। मंच की भी महापौर ने व्यवस्था देखी। पार्क में अर्नामेंटल लाइट, ओपेन जिम और पार्किंग की व्यवस्था पर महापौर ने खुशी जताई। उन्होंने जीडीए के उपाध्यक्ष प्रेमरंजन सिंह को बधाई दी।