खड़ा हुआ UP के सबसे ऊंचे तिरंगे का खंभा, अब रामगढ़ ताल की जेटी पर फहरेगा Gorakhpur News
प्रदेश का सबसे ऊंचा 211 फीट का तिरंगा इस समय गाजियाबाद के मुखर्जी पार्क में लगा है। अब गोरखपुर में 246 फीट ऊंचा झंडा फहराया जाएगा।
गोरखपुर, जेएनएन। लंबी कवायद के बाद प्रदेश के सबसे ऊंचे तिरंगे का खंभा रविवार को रामगढ़ ताल की जेटी पर खड़ा हो गया। जल्द मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों इसका लोकार्पण कराया जाएगा। झंडा स्थापित कराने वाली संस्था मुख्यमंत्री से तारीख लेकर 246 फीट ऊंचे तिरंगे का लोकार्पण समारोह पूर्वक कराएगी। जीडीए और एनजीटी से अनुमति के फेर में बीते एक वर्ष से यह कार्य थमा पड़ा था। संस्था के प्रयासों और दैनिक जागरण के लगातार इस मामले को उठाने का ही नतीजा रहा कि गतिरोध दूर हुआ और तिरंगे को फहराने की स्थिति बन पाई।
जागरण ने बनाया था मुद्दा
प्रदेश का सबसे ऊंचा 211 फीट का तिरंगा इस समय गाजियाबाद के मुखर्जी पार्क में लगा है। देश-दुनिया में कई जगहों पर ऊंचे-ऊंचे झंडे देखकर युवा उद्योगपति और केजी पान प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड, शुद्ध प्लस तथा नाइन सेनेटरी के प्रबंध निदेशक अमर तुलस्यान ने भी अपने शहर में सबसे ऊंचा झंडा लगवाने का निश्चय किया। प्रशासन से अनुमति लेकर उन्होंने इसके निर्माण की जिम्मेदारी सहगल इंडस्ट्रीज को सौंप दी। रामगढ़ताल की जेटी पर फाउंडेशन, पोल और झंडा निर्माण का काम पूरा हो चुका था कि इसी बीच जुलाई 2018 में इसे फहराने में जीडीए ने एनजीटी की अनुमति की शर्त लगा दी। एक तरफ संस्था इसे लेकर प्रयास करती रही तो दूसरी ओर दैनिक जागरण इसे मुद्दा बनाकर खबरें छापता रहा।
गोरखपुर महोत्सव से पहले लोकार्पण का है प्रयास
शुद्ध प्लस के निदेशक सुधीर वर्मा ने बताया कि तिरंगे का पोल खड़ा कर दिया गया है। फाउंडेशन के सुंदरीकरण का कार्य अतिशीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। इस बीच मुख्यमंत्री से मिलकर लोकार्पण की तारीख तय कर ली जाएगी। पूरी कोशिश है कि 11, 12 व 13 को आयोजित होने वाले गोरखपुर महोत्सव से पहले इसका लोकार्पण हो जाए।
ऊंचाई की दृष्टि से देश में होगा इस तिरंगे का 9वां स्थान
ऊंचाई के मामले में अभी तक अटारी बॉर्डर पर 360 फीट, भक्ति शक्ति फ्लैग पुणे में 351 फीट, गुवाहाटी फ्लैग 319.5 फीट, कोल्हापुर में 303 फीट, रांची में 293 फीट, हैदराबाद में 291 फीट, रायपुर में 269 फीट, फरीदाबाद में 250 फीट ऊंचा झंडा लगा है। अब गोरखपुर में 246 फीट ऊंचा झंडा फहराया जाएगा।