छेड़खानी कर रहे मनचले को छात्राओं ने घेरकर पीटा, फिर भीड़ ने की धुनाई Gorakhpur News
कस्बे की रहने वाले दो छात्राएं कोचिंग से घर लौट रहीं थीं। रास्ते में बाइक लेकर खड़ा सनौवर उन पर फब्तियां कसने लगा। इसके बाद छात्राओं ने पिटाई शुरू कर दी।
गोरखपुर, जेएनएन। भटहट कस्बे में शुक्रवार की शाम मनचले ने भद्दे कमेंट करने के बाद एक छात्रा का हाथ पकड़ लिया। दोनों छात्राओं ने हिम्मत दिखाते हुए मनचले को घेर लिया। उसके बाद उसकी पिटाई शुरू कर दी। आसपास मौजूद लोग सारा माजरा समझ गए। फिर क्या था, भीड़ ने मनचले को पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया।
कुशीनगर का है मनचला सनौवर अली
जानकारी के अनुसार पकड़े गए मनचले की पहचान कुशीनगर के लक्ष्मीपुर निवासी सनौवर अली के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार शाम की है। कस्बे की रहने वाले दो छात्राएं कोचिंग से घर लौट रहीं थीं। रास्ते में बाइक लेकर खड़ा सनौवर उन पर फब्तियां कसने लगा। छात्राओं ने विरोध किया तो उसने बाइक रोककर एक छात्रा का हाथ पकड़ लिया। इसके बाद छात्राओं ने पिटाई शुरू कर दी। देखते ही देखते लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई और आरोपित की जमकर धुनाई कर दी। जिसके बाद वह छात्राओं से माफी मांगने लगा। वह छात्राओं के पैर गिरकर माफी मांगने लगा।
सीओ ने की छात्राओं की तारीफ
सीओ चौरीचौरा रचना मिश्र ने छात्राओं के हौसले की तारीफ की। उन्होंने दोनों छात्राओं को हिम्मतवाली बताया। सीओ ने कहा कि पुलिस महिला जागरूकता अभियान के तहत स्कूल-कॉलेजों में जाकर लड़कियों को जागरुक करती है। उसी का नतीजा है कि मनचला पकड़ा गया।