गोरखपुर के इस पार्षद ने कान्हा उपवन की एक एकड़ जमीन पर कर लिया था कब्जा, बड़ी मुश्किल से हुआ खाली Gorakhpur News
कान्हा उपवन के पास स्थित नगर निगम की एक एकड़ कीमती जमीन पर पार्षद राम भुवाल निषाद ने कब्जा कर रखा था। नगर निगम ने उसे मुक्त करा लिया।
गोरखपुर, जेएनएन। कान्हा उपवन के पास स्थित नगर निगम की जमीन हुए अवैध कब्जे की शिकायत के बाद राजस्व व नगर निगम की संयुक्त टीम ने पहले पैमाइश की। टीम ने नापी के बाद नगर निगम की जमीन को चिह्नित किया है। लगभग एक एकड़ जमीन पर अवैध कब्जा मिला, जिसे टीम ने चूना से निशानदेही कर अपने कब्जे में ले लिया। यह जमीन पार्षद राम भुवाल निषाद के कब्जे में थी।
नगर निगम के उपसभापति ने की थी शिकायत
नगर निगम की दस एकड़ जमीन में से सवा सात एकड़ पर कान्हा उपवन का निर्माण कराया गया है। शेष जमीन खाली है। नगर निगम के उपसभापति तथा कान्हा उपवन को संचालित करने के लिए गठित समिति के चेयरमैन बृजेश सिंह छोटू ने कुछ दिनों पहले नगर आयुक्त को पत्र दिया था। पत्र में लिखा था कि कान्हा उपवन की जमीन पर अवैध कब्जा है। इसकी पैमाइश कराकर नगर निगम को अपनी जमीन पर काबिज होना चाहिए।
अवैध निर्माण भी होंगे ध्वस्त
पैमाइश की कार्यवाही के बाद जमीन कब्जे में ले ली गई पर वहां कुछ भूमि पर अवैध निर्माण भी हो गए हैं। जिम्मेदारों का कहना है कि वहां कुछ अवैध निर्माण भी मिले, जिसे ध्वस्त किया जाएगा। टीम में नायब तहसीलदार राधेश्याम गुप्ता, निगम के तहसीलदार सतीश श्रीवास्तव, आरआइ रामअवध आदि शामिल थे।
गंगा नगर में भी हुई पैमाइश
एक अन्य मामले में गंगा नगर स्थित जमीन की भी संयुक्त टीम ने पैमाइश की। एक स्कूल व नगर निगम के बीच जमीन का मामला चल रहा है। नगर निगम का कहना है कि उसकी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है। इसकी भी पैमाइश करा कर चिह्नांकन किया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद कार्यवाही शुरू की जाएगी। पैमाइश के दौरान नगर निगम कार्यकारिणी के उपसभापति बृजेश सिंह छोटू भी मौजूद रहे।
क्या कहते हैं पार्षद
पार्षद राम भुवाल निषाद का कहना है कि सच का साथ देने के कारण नगर आयुक्त प्रताडि़त कर रहे हैं। कान्हा उपवन में पशुओं की मौत, चारा में घोटाला, धांधली आदि बातें उजागर न हों, इसलिए नगर निगम प्रशासन फंसाना चाहता है। उच्च न्यायालय तथा दीवानी न्यायालय में मामला लंबित है। इसके बावजूद नगर निगम पैमाइश करा रहा है। अफसर कितना भी प्रताडि़त कर लें, मैं सच का ही साथ दूंगा।