सीएम योगी आदित्यनाथ आज गोरखपुर आएंगे, लेहड़ा देवी का दर्शन करने महराजगंज भी जाएंगे Gorakhpur News
सीएम योगी आदित्यनाथ 29 सितंबर को सुबह लेहड़ा मंदिर के पास बने हेलीपैड पर हेलीकाप्टर से उतरेंगे और लेहड़ा मंदिर जाएंगे तथा दर्शन पूजन व शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंंगे।
गोरखपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नवरात्र के पहले दिन 29 सितंबर को महराजगंज जिले में मां लेहड़ा मंदिर पर आएंगे। इसके मद्देनजर प्रशासन अपनी तैयारी में जुटा है। जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय व पुलिस अधीक्षक रोहत सिंह सजवान ने निरीक्षण कर हेलीपैड व सभा स्थल को चिन्हित कर साफ सफाई का निर्देश दिया है।
जनसभा भी होगी
लेहड़ा मंदिर मार्ग पर टावर टोला में हेलीपैड बनाए जाएंगे, जबकि उसके करीब 100 मीटर आगे मंदिर के निकट जनसभा की जाएगी। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अभियंता को निर्देशित किया कि वर्षा का मौसम होने के कारण जो भी व्यवस्था हो, उसे सुदृढ़ कर लिया जाए। रोड के झाड़ झंखाड़, घास-पूस की सफाई कराई जा रही है। पुलिस अधीक्षक रोहित सजवान ने क्षेत्राधिकारी फरेंदा व थानाध्यक्ष बृजमनगंज को निर्देशित किया कि पुलिस व्यवस्था व मेले में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
मुख्यमंत्री का यह है कार्यक्रम
मुख्यमंत्री 29 सितंबर को सुबह 11.10 बजे लेहड़ा मंदिर के पास बने हेलीपैड पर हेलीकाप्टर से उतरेंगे। सुबह 11.15 बजे वे लेहड़ा मंदिर में पहुंचेंगे तथा वहां दोपहर 12 बजकर 15 मिनट तक दर्शन, पूजन व शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 12.15 बजे कार्यक्रम स्थल से रवाना होंगे।
सुरक्षा के रहेंगे कड़ें इंतजाम
मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर जिले के सभी तीन एएसपी, दस सीओ, जिले के सभी थानाध्यक्ष, पीएससी के साथ ही रेंज से अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा महिला थानाध्यक्ष, पीआरडी व होमगार्ड के करीब 200 जवान तैनात किए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवान ने कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा के दृष्टिगत व्यवस्था पूरी कर ली गई है।
रात्रि विश्राम गोरखपुर में
कार्यक्रम के मुताबिक रविवार को वह वाराणसी से सीधे लेहड़ा देवी मंदिर पहुंचेंगे। वहां सुबह 11:10 से दोपहर 12:15 बजे तक रहेंगे। उसके बाद मुख्यमंत्री तरकुलहा माई स्थल पहुंचेंगे, जहां दोपहर 12.45 बजे से 1.45 बजे तक रहेंगे। रविवार की शाम गोरखनाथ मंदिर में वह परंपरागत नवरात्र पूजन करेंगे। सोमवार को सुबह 10 बजे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।