सीएम योगी आदित्यनाथ आज बस्ती करेंगे सौ करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास Gorakhpur News
मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे बस्ती जिले में नवनिर्मित मुंडेरवा चीनी मिल का शुभारंभ करेंगे। वह दोपहर बाद सवा एक बजे तक रहेंगे।
गोरखपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बस्ती जिले के मुंडेरवा आगमन की तैयारियां पूरी कर ली गई है। गन्ना मंत्री सुरेश राणा कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए दो दिन से बस्ती में डेरा डाले हुए हैं। लोकार्पण स्थल से लेकर सभा स्थल तक के एक-एक गतिविधि पर उनकी नजर है। अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री द्वारा सौ करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे बस्ती जिले में नवनिर्मित मुंडेरवा चीनी मिल का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से दिन में 11.50 बजे बस्ती के मुंडेरवा चीनी मिल परिसर में पहुंचेंगे और दोपहर बाद सवा एक बजे तक रहेंगे। यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने बताया मुख्यमंत्री चीनी मिल का उद्घाटन करने के पश्चात जनसभा को संबोधित करेंगे।
गन्ना मंत्री ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
गन्ना मंत्री ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों को परखा। तैयारियों से संतुष्ट दिख रहे गन्ना मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की बेहतरी के लिए कार्य कर रही है। मुंडेरवा चीनी मिल शुरू होना सरकार के इन्हीं प्रयासों का हिस्सा है। मिल चालू होने से गन्ना किसानों के साथ-साथ बस्ती के विकास का भी मार्ग खुलेगा। चीनी मिल के निर्माण में लगभग 400 करोड़ रुपये व्यय हुआ इस दौरान प्रमुख सचिव चीनी उद्योग संजय आर भूषण रेड्डी, सदर विधायक दयाराम चौधरी,जिलाधिकारी आशुतोष रंजन, पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक पंकज, अपर जिलाधिकारी रमेश चंद आदि मौजूद रहे।
सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम
एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर हेलीपैड, बैरीकेडिंग के साथ ही पंडाल निर्माण का कार्य पूर्ण है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। तीन एएसपी, नौ क्षेत्राधिकारी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे। सुरक्षा व्यवस्था में 31 निरीक्षक व थानाध्यक्ष, दो महिला निरीक्षक, 10 महिला उप निरीक्षक, 202 उपनिरीक्षक, दो टीएसआइ, 593 हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल, 20 यातायात सिपाही, 115 महिला कांस्टेबल, तीन कंपनी पीएसी लगाई गई है।