Move to Jagran APP

नशे में था दूल्हा, दुल्हन ने किया शादी से इंकार

घंटों मान मनौव्वल के बाद भी नहीं मानी दुल्हन, बैरंग वापस लौटी बरात

By JagranEdited By: Published: Thu, 17 May 2018 02:30 PM (IST)Updated: Thu, 17 May 2018 02:30 PM (IST)
नशे में था दूल्हा, दुल्हन ने किया शादी से इंकार
नशे में था दूल्हा, दुल्हन ने किया शादी से इंकार

गोरखपुर : बस्ती जनपद में विवाह के दौरान शराब के नशे में दूल्हे को देख दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। उसने अपने माता पिता से बरात वापस लौटाने को कहा। रात में काफी मान मनौव्वल के बाद भी बात नहीं बनी और बरात को बैरंग वापस लौटना पड़ा। मामला मुंडेरवा थाना क्षेत्र के दिकतौली गांव का है। गांव निवासी एक व्यक्ति के घर शादी थी। रात में कोतवाली खलीलाबाद जनपद संतकबीरनगर के भेलवासी गांव से बरात आई थी। द्वारपूजा के लिए जब दूल्हे को दरवाजे पर ले जाया गया तो दूल्हा नशे की हालत में नजर आया। वह नशे में इस कदर धुत था कि खड़ा नहीं हो पा रहा था। दुल्हन ने जब उसको इस हालत में देखा तो उसके होश उड़ गए। वह अपने मां बाप के पास पहुंची और शादी से इंकार कर दिया। परिवार वालों ने तत्काल बरात वापस लौटाने को कहा। लड़की की ओर से शादी से इंकार करते ही दोनों पक्ष में विवाद होने लगा। आधी रात तक मान मनौव्वल के बाद भी बात नहीं बनी। मामले की जानकारी होते ही मुंडेरवा थाने के इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बवाल शांत कराया। इसके बाद दोनो पक्ष एक दूसरे की ओर से खर्च की गई धनराशि वापस करने की बात पर राजी हुए और बरात वापस लौट गई। महज नौवीं कक्षा तक की शिक्षा प्राप्त करने वाली युवती ने नशेड़ी दूल्हे से शादी की बजाए बरात लौटाने का जो साहस दिखाया है उसकी चहुंओर प्रशंसा हो रही है।

loksabha election banner

बुलेट सवारों ने युवती को छेड़ा, वृद्ध को कट्टे से पीटा

गोरखपुर के पाली ब्लाक के गांव बनौली में बुधवार को बुलेट पर सवार युवकों को जमकर आतंक मचाया। पहले एक युवती से छेड़छाड़ की और फिर कट्टे की बट मारकर वृद्ध को घायल कर दिया। इसके बाद एक युवक को असलहा सटाकर लूट लिया। तीनों पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है। घटना दोपहर 12 बजे के आसपास की है। बुलेट सवार तीन युवक गांव पहुंचे और घर के सामने लगे हैंडपंप पर कपड़ा धुल रही युवती से छेड़छाड़ करने लगे। युवती के शोर मचाने पर भाग गए। इसके बाद रास्ते में मिले वृद्ध जनार्दन को रोकने का प्रयास किया और आंख के पास कट्टे की बट मारकर घायल कर दिया। युवकों ने थोड़ी दूरी पर मिले ग्रामीण बलराम को रोक लिया और असलहा सटाकर उसके पास रखे दो हजार रुपये लूट लिए। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्राम प्रधान के साथ ग्रामीण थाने पहुंचे और तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक सुनील राय ने बताया कि जांच करके कार्रवाई की जाएगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.