कृषिमंत्री ने कहा-खेती के साथ पशुपालन और बागवानी भी करें किसान Gorakhpur News
सरकार किसानों के विकास के लिए तमाम कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। किसानों को इन योजनाओं का लाभ लेकर आगे बढऩे का प्रयास करना चाहिए।
गोरखपुर, जेएनएन। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि किसान खेती के साथ-साथ पशुपालन व बागवानी भी करें। तभी आय बढ़ेगा और किसान मजबूत होगा। किसान उन्नतिशील खेती पर ध्यान दें और अपने उत्पाद की ब्रांडिंग करें। प्रदेश सरकार किसानों की आय दूनी करने के संबंध में काम कर रही है। गेहूं का खरीद मूल्य 1840 रुपये प्रति क्विंटल दिया जा रहा है। ऐसे ही धान का खरीद 1845 रुपये प्रति क्विंटल है। समय-समय पर बोनस भी दिया जा रहा है। कृषि मंत्री बुधवार को गोरखपुर महोत्सव में आयोजित कृषि प्रदर्शनी व गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।
सरकारी योजनाओं का लाभ लें किसान
उन्होंने कहा कि किसान गन्ने की वैज्ञानिक खेती पर ध्यान दें। सरकार किसानों के विकास के लिए तमाम कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। किसानों को इन योजनाओं का लाभ लेकर आगे बढऩे का प्रयास करना चाहिए।
प्रदेश में 110 लाख टन गन्ना पैदा
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 110 लाख टन गन्ना पैदा हुआ है। 35 से 40 हजार करोड़ रुपये किसानों को गन्ना मूल्य के रूप में दिया गया है। मंडल में 75 ट्रैक्टर किसानों को 50 फीसद अनुदान पर दिए गए हैं। प्रदेश में दलहन का उत्पादन बढ़ा है। किसान गन्ने के साथ लहसुन, टमाटर, प्याज, आलू की भी खेती करें। किसान संस्थान पिपराइच द्वारा इसकी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। लोगों को इसका लाभ उठाना चाहिए।
स्टालों का किया निरीक्षण
इससे पूर्व उन्होंने स्टालों का अवलोकन किया। सांसद रवि किशन शुक्ल ने कहा कि किसान गन्ना की सहफसली खेती कर बेहतर लाभ ले सकते हैं। तमाम किसान गन्ने के साथ-साथ मटर, गोभी, लहसुन आदि की खेती करके बेहतर लाभ कमा रहे हैं। महोत्सव में स्टाल के माध्यम से तमाम किसानों ने पूर्वांंचल के लोगों को संदेश दिया है कि अपने उत्पाद की ब्रांडिंग कैसे कर सकते हैं और यह कैसे लोगों के लिएलाभकारी होगी।
इस अवसर पर संयुक्त कृषि निदेशक डा.ओमवीर सिंह, उपनिदेशक कृषि डा.संजय सिंह, जिला कृषि अधिकारी अरविंद चौधरी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी डा.संजय यादव, उपनिदेशक उद्यान डा.डीके वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी बालजीत सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा.डीके शर्मा, गन्ना किसान संस्थान के असिस्टेंट डायरेक्टर ओपीगुप्ता आदि मौजूद रहे।