तोंद वाले सिपाहियो से मिलकर एडीजी ने पूछा, बीमार हो या खाना अधिक खाते हो- सिपाहियों ने दिया यह जवाब
अपर पुलिस महानिदेशक अखिल कुमार गोरखपुर में तोंद वाले पुलिस कर्मियों से मिले। एडीजी ने उनसे पूछा कि तोंद क्यों निकल रही है। एडीजी ने उन्हें 10 दिन का समय दिया और कहा कि इस अवधि में तोंद अंदर करो। वह फिर इसकी जानकारी लेंगे।
गोरखपुर, जेएनएन। अपर पुलिस महानिदेशक अखिल कुमार गोरखपुर में तोंद वाले पुलिस कर्मियों से मिले। एडीजी ने उनसे पूछा कि तोंद क्यों निकल रही है। एडीजी ने उन्हें 10 दिन का समय दिया और कहा कि इस अवधि में तोंद अंदर करो। वह फिर इसकी जानकारी लेंगे।
कहा, पेट अंदर करो
अपर पुलिस महानिदेशक कुछ कार्य से सर्किट हाउस गए हुए थे। वहां खोराबार थाने के हेड कांस्टेबल पुद्दन गुप्ता की तोंद देखकर वह रुक गए और पूछ लिया कि इतनी तोंद क्यों निकली है। बीमार हो या खाना अधिक खाते हो। पुद्दन ने बताया कि वह खाना अधिक खाते हैं। ब्लड प्रेशर व शुगर के मरीज भी हैं। एडीजी ने उनसे कहा कि खाना कम करो। पेट अंदर करो। फिटनेस पर ध्यान दो, अधिक दिनों तक जीवित रहोगे।
दस दिन का दिया अल्टीमेटम
एडीजी ने उनसे यह भी कहा कि वह दिन के भीतर अपनी तोंद कम करके दिखाएं। सर्किट हाउस से बाहर निकलकर एडीजी ने पैडलेगंज चौकी के पास एक हेड कांस्टेबल से मिले। उनकी भी तोंद निकली हुई थी। हेड कांस्टेबल ने बताया कि डयूटी अनियमित है। रात्रि डयुटी के चलते तोंद निकल गई है। एडीजी ने पूछा कि डयूटी में कुछ परिवर्तन करने से तोंद क्या भीतर जा सकती है। उन्होंने कहा कि वह 10 दिनों के लिए दिन की डयूटी करा देंगे, लेकिन तब तक तोंद भीतर कर लें।
तोंद वाले बीस पुलिस कर्मियों से मिले एडीजी
दो घंटे के दौरान एडीजी शहर के विभिन्न चौराहों पर करीब 20 पुलिस कर्मियों से मिले और उनसे तोंद कम करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि तोंद कम करके ही वह तमाम तरह की बीमारियों से छुटकारा पा सकते हैं। इससे उम्र भी बढ़ेगी। ऐसे में इस पर विशेष ध्यान दें। शरीर फिट रहेगा तो वह डयूटी भी बेहतर ढंग से कर सकेंगे।