Indian Oil Tanker FIRE: बैतालपुर इंडियन आयल डिपो में टैंकर में लगी आग, चालक व खलासी झुलसे
बैतालपुर स्थित इंडियन आयल डिपो में तेल लेने गए टैंकर के चेंबर में बुधवार की सुबह आग लग गई। आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान चालक जय प्रकाश एवं खलासी वशिष्ठ दुबे झुलस गए।
गोरखपुर, जेएनएन। देवरिया जनपद के बैतालपुर स्थित इंडियन आयल डिपो में तेल लेने गए टैंकर के चेंबर में बुधवार की सुबह आग लग गई। आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान चालक जय प्रकाश एवं खलासी वशिष्ठ दुबे झुलस गए। अग्निशमन व डिपो कर्मचारियों के प्रयास के प्रयास से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया।
सुबह नौ बजे तेल डिपो में टैंकर में तेल लेने के लिए गया था। अचानक टैंकर के चेंबर में आग पकड़ लिया। आग को बुझाने के दौरान चालक व खलासी झुलस गए। डिपो में आग लगने की सूचना पर देवरिया से अग्निशमन विभाग के कर्मचारी चार फायर टैंकर के साथ पहुंचे। डिपो के अंदर अफरा-तफरी की स्थिति के चलते कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। पुलिसकर्मियों को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
जिला अस्पताल अलर्ट
बैतालपुर डिपो में आग की सूचना मिलने के बाद जिला अस्पताल प्रशासन अलर्ट हो गया। इमरजेंसी कक्ष को खाली करा लिया गया है। इमरजेंसी में भर्ती सभी मरीजों को वार्ड में भेज दिया गया है। डॉक्टरों की टीम इमरजेंसी में पहुंच गई है। वार्ड ब्वाय और अन्य कर्मचारियों को बुलाया गया है। डा. आरके श्रीवास्तव, डॉक्टर एनके पांडेय इमरजेंसी के चिकित्सक कक्ष में पहुंच गए।
कर्मचारियों ने किया डिपो प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन
आग लगने के बाद कर्मचारियों ने डिपो प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि डिपो में बड़े पैमाने पर लापरवाही बरती जा रही है। कर्मचारी आग लगने के बाद आग बुझाने में जुटे हुए थे, जबकि अधिकारी सबसे पहले कैंपस से फरार हो गए। कोई विशेष सुविधा भी नहीं दी गई है। कर्मचारी झुलस गया, लेकिन उसे देखने के लिए कोई अधिकारी नहीं आया।
नहीं बजा सायरन
डिपो में अग्निशमन यंत्र है। कहीं भी कोई आग लगे तो सायरन बजाया जाता है, लेकिन आग लगने के बाद यहां लगा सायरन नहीं बजाया गया। साथ ही अधिकारी आग बुझने के बाद कैंपस में पहुंचे।