#lifestyle : खान-पान का रखें ध्यान, गर्मी नहीं करेगी परेशान
,lifestyle गर्मी के दिनों में कुछ बातों का ध्यान रखकर हम अपनी दिनचर्या बेहतर कर सकते हैं। इससे हम गर्मियों में होने वाले रोग और संक्रमण से खुद को सुरक्षित रख पाएंगे।
गोरखपुर, जेएनएन। पंचतत्व से बना मानव शरीर ईश्वर की सर्वश्रेष्ठ रचनाओं में से एक है पर इसका संचालन खुद मानव के हाथ में है। बदलते मौसम और तापमान का असर हमारे शरीर पर पड़ता है इसलिए जरूरी है कि हम अपनी दिनचर्या समान रूप से चलाने के लिए खास बातों का ध्यान रखें। कई जगहों पर पारा 50 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। ऐसे में चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं का असर लोगों पर इस तरह से पड़ रहा है कि आए दिन लोग डाक्टर की क्लीनिक के चक्कर लगा रहे हैं। कुछ बातों का ध्यान रखकर हम अपनी दिनचर्या बेहतर कर सकते हैं। इससे हम गर्मियों में होने वाले रोग और संक्रमण से खुद को सुरक्षित रख पाएंगे।
क्या खाएं
- गर्मियों में पानी का सेवन ज्यादा से ज्यादा करना चाहिए। बाहर जाएं तो अपने साथ पानी की बोतल जरूर ले जाएं। ध्यान रहे पानी साफ और सुरक्षित हो। यदि पानी को उबालकर पीएं तो और भी बेहतर।
- सलाद में अधिक प्रोटीन के साथ 95 प्रतिशत जल होता है। वसा कम होने के नाते यह बहुत फायदेमंद है। भोजन में सलाद जरूर लें वह भी पर्याप्त मात्रा में।
- गर्मियों में पाचन क्रिया को मजबूत बनाने के लिए सत्तू रामबाण की तरह काम करता है। प्यास बुझाने के लिए सत्तू का शरबत कोल्ड ड्रिंक से बहुत बेहतर है।
- गर्मियों में छाछ और मट्ठा भी ले सकते हैं। छाछ में कैल्शियम, विटामिन बी और पोटैशियम प्रचुर मात्रा में होता है। साथ ही इससे इम्यून सिस्टम भी मजबूत होता है।
- भोजन के बाद गुलकंद खाने से पाचन संबंधी समस्याएं दूर होती है। साथ ही यह माउथ फ्रेशनर का भी काम करता है।
- हरी सब्जियां और मौसमी फल गर्मियों में रामबाण के रूप में कार्य करती हैं। इसके अनेक फायदे हैं।
इन चीजों से रहें दूर
- गर्मियों में मसालों का सेवन जितना कम करें उतना अच्छा है। मसाले न केवल शरीर में गर्मी का संचार करते हैं बल्कि इससे मेटाबॉलिज्म रेट भी बढ़ता है। जिससे डायरिया की आशंका बढ़ जाती है।
- ज्यादातर लोग चाय और काफी के बेहद शौकीन होते हैं। इसके बिना उनकी दिनचर्या अधूरी रह जाती है। गर्मियों में इसके अधिक सेवन से ज्यादातर लोगों में एसिडिटी की समस्या देखने को मिलती है।
- आजकल विभिन्न एप के माध्यम से घर बैठे ही बहुत कम समय में फास्ट फूड की होम डिलीवरी हो जा रही है। इसका प्रचलन युवाओं में तेजी से बढ़ रहा है। इससे भूख तो मिट जाती है पर पाचन क्रिया पर गहरा असर पड़ता है।
- गर्मी के दिनों में मांसाहार से दूरी बनाकर रखें, यह आपके स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है।
- इस मौसम में बर्फ वाली आइसक्रीम का सेवन बच्चे अधिक करते है। इनमें उच्च फ्रूटोज और रंग देने के लिए सिरप का प्रयोग होता है जिससे भूख न लगने की समस्या पैदा होती है।
सफाई पर दें विशेष ध्यान
- नियमित स्नान के साथ जीवाणुनाशक साबुन का प्रयोग करें।
- सूती कपड़े पहनें, सिल्क और सिंथेटिक से दूरी बनाकर रखें।
- ताजा और स्वच्छ भोजन करें।
- धूप में निकलने बचें, निकलना जरूरी है तो चेहरे को ढक कर निकलें।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप