स्वामी विवेकानंद का ऋणी है देश : शिव प्रताप
गोरखपुर : स्वामी विवेकानंद के आदर्शो पर चलकर क्रांतिकारियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों न
गोरखपुर : स्वामी विवेकानंद के आदर्शो पर चलकर क्रांतिकारियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने भारत को अंग्रेजों की गुलामी से आजादी दिलाई। यह देश स्वामी जी का ऋणी है। उन्होंने भारतीय मेधा का परिचय देते हुए विश्व स्तर पर भारत की राष्ट्रीय भावना को स्थापित किया।
उक्त बातें गुरुवार को स्वामी विवेकानंद की पूर्व संध्या पर गोकुल अतिथि भवन में भाजयुमो की ओर से आयोजित युवा महोत्सव में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ल ने बतौर मुख्य अतिथि कहीं। उन्होंने कहा कि स्वामी जी हम सभी के प्रेरणास्त्रोत हैं। अपने गुरु रामकृष्ण परमहंस के सच्चे शिष्य के रूप में उन्होंने अपने आप को स्थापित किया। स्वामी जी कहते थे कि दरिद्र नारायण की सेवा सबसे बड़ी सेवा है। केंद्र व प्रदेश की सरकार स्वामी विवेकानंद के आदर्शो पर चलते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं पर कार्य कर रही है।
विशिष्ट अतिथि युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत पाठक ने कहा कि भारत का एक तपस्वी युवा गेरुआ वस्त्रों में बिना किसी आडंबर के अमेरिका में जाता है और भारत की खोई हुई परंपरा को स्थापित करने के साथ ही यह सिद्ध करता है कि भारतीय संस्कृति, भारतीय धर्म और भारतीय दर्शन ही पूरे विश्व को सभी दिशा दिखाती है। पाठक ने कहा कि स्वामी विवेकानंद एक ऐसे भारत की कल्पना करते थे जो समतामूलक हो, जिसमें एक दूसरे के सहयोग की भावना हो। अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल ने कहा कि किसी भी देश की शक्ति का आकलन वहा के युवाओं से किया जाता है। स्वामी विवेकानंद को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि देश की सामान्य जनमानस तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। महापौर सीताराम जायसवाल ने कहा कि विषम परिस्थितियों में स्वामी विवेकानंद विश्व धर्म सम्मेलन में शामिल होने अमेरिका गए और वहां यह साबित किया कि सनातन धर्म दुनिया का सर्वश्रेष्ठ धर्म है। संचालन पवन यादव तथा अतिथियों का स्वागत युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रणजीत राय बड़े ने किया। कार्यक्रम को विधायक विपिन सिंह, शीतल पाडेय, जटाशकर त्रिपाठी, क्षेत्रीय मंत्री डा धर्मेन्द्र सिंह, डा. जितेंद्र राव, शशि प्रकाश श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विजय पासवान, भानु प्रताप सिंह, अष्टभुजा शुक्ल, राजेश तिवारी, राधेश्याम रावत, जितेंद्र सैनी, दीपक चौहान, देवेन्द्र गौड़, आशु, ओम प्रकाश पाण्डेय, सत्यार्थ मिश्रा,अभय शुक्ला आदि मौजूद रहे।