प्रेमिका पर गोली चलाने के बाद युवक को मारी गोली, फिर खुद को उड़ाया Gorakhpur News
पहले वह प्रेमिका पर फायर किया। फायर मिस होने के बाद वह भागने लगा। उसके बाद पीछा करने वाले को गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। फिर खुद को गोली से उड़ा लिया।
गोरखपुर, जेएनएन। देवरिया जनपद के खामपार थाना क्षेत्र के पुरैना में एक आशिक ने बुधवार को दिल-दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया। प्रेमिका के घर मिलने पहुंचे प्रेमी ने प्रेमिका पर गोली चला दी। गोली मिस होने के बाद ग्रामीणों ने उसको दौड़ा लिया। अपने को ग्रामीणों से घिरा देख पीछा कर रहे एक युवक की उसने गोली मारकर हत्या कर दी। उसके बाद उसने खुद को गोली से उड़ा लिया। दिनदहाड़े हुई दो मौतों की इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे एसपी डा.श्रीपति मिश्र, एएसपी शिष्यपाल समेत अन्य अधिकारियों ने जांच की।
युवती से बात करने पर कर दिया फायर
भाटपाररानी थाना क्षेत्र के ग्राम टीकमपार निवासी मुंद्रिका का पुत्र अनिल पुरैना गांव की एक युवती से प्रेम करता था। अनिल दोपहर को उसके दरवाजे पर पहुंचा और युवती से कुछ बात की। इसके बाद पिस्टल निकाल कर युवती पर गोली चला दी। हालांकि गोली मिस कर गई। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद अनिल भागने लगा।
पीछा कर रहे युवक को मारी गोली
ग्रामीणों ने उसे दौड़ा लिया, अपने को लोगों से घिरता देख पीछा कर रहे पुरैना गांव निवासी हारुन के बेटे 20 वर्षीय फारुख को अनिल ने गोली मार दी, जिससे फारुख गन्ने की खेत के समीप लहूलुहान होकर ही गिर गया। इसके बाद भी नहीं रुका। वह भागते हुए बहलोलवा गांव के समीप के समीप पहुंचा।
पकड़े जाने के भय से खुद को उड़ाया
अपने को पकड़े जाने के भय से उसने वहीं पर अपनी कनपटी पर सटाकर गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि ग्रामीणों की तरफ से इलाज के लिए फारुख को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपाररानी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। एसपी डा.श्रीपति मिश्र ने कहा कि प्रेम प्रसंग में यह घटना हुई है।
युवती को लेकर अनिल हुआ था फरार
युवती व अनिल के बीच बहुत दिनों से प्रेम संबंध चल रहा था। अनिल युवती को कुछ माह पहले लेकर फरार हो गया था। बाद में युवती अपने गांव आ गई। अब इस समय अपने गांव में ही रह रही थी। कहा जा रहा है कि युवती व अनिल में किसी बात को लेकर मनमुटाव चल रहा था। इसलिए वह लड़की से बात करने के लिए वह उसके घर गया। उसने कुछ बातचीत की। उसके बाद अनिल ने युवती पर गोली चला दी।