Move to Jagran APP

CAA Protest in Gorakhpur : गोरखपुर में जुमे की नमाज के बाद बवाल, पुलिस पर पथराव, छह घायल, लाठीचार्ज के बाद पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले Gorakhpur News

जुमे का दिन होने की वजह से सुरक्षा के लिहाज से सुबह से ही चौकसी बरती जा रही थी। नखास चौक पर उग्र भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया। इसमें तीन पुलिसकर्मी सहित चार लोग घायल हो गए।

By Satish ShuklaEdited By: Published: Fri, 20 Dec 2019 08:30 PM (IST)Updated: Fri, 20 Dec 2019 08:30 PM (IST)
CAA Protest in Gorakhpur : गोरखपुर में जुमे की नमाज के बाद बवाल, पुलिस पर पथराव, छह घायल, लाठीचार्ज के बाद पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले Gorakhpur News
CAA Protest in Gorakhpur : गोरखपुर में जुमे की नमाज के बाद बवाल, पुलिस पर पथराव, छह घायल, लाठीचार्ज के बाद पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले Gorakhpur News

गोरखपुर, जेएनएन। शहर में कई दिन से चल रहा सीएए (नागरिकता संशोधन कानून) का विरोध शुक्रवार को बड़े बवाल में तब्दील हो गया। दिन में जुमे की नमाज के बाद जामा मस्जिद से जुलूस निकाल रहे युवकों ने कोतवाली इलाके में मदीना मस्जिद के पास सिविल डिफेंस के उप नियंत्रक सहित दो लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। नखास चौक पर उग्र भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया। इसमें तीन पुलिसकर्मी सहित चार लोग घायल हो गए। स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज करने के साथ आंसू गैस के गोले छोड़े। उपद्रव में शामिल 11 युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश में कोतवाली और राजघाट इलाके में पुलिस, घरों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।

loksabha election banner

सुबह से थी तनावपूर्ण स्थिति

जुमे का दिन होने की वजह से सुरक्षा के लिहाज से सुबह से ही चौकसी बरती जा रही थी। संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात था। इसके बावजूद राजघाट और कोतवाली इलाके मे सुबह से स्थिति तनावपूर्ण बनी थी। शाहमारूफ में सुबह से सक्रिय कुछ युवकों का समूह दुकानें नहीं खुलने दे रहा था। जो दुकानें खुली थीं, उन्हें बंद करा रहा था। बाद में वही युवक जामा मस्जिद के सामने एकत्र हो गए। अधिकतर हाथ में काली पट्टी बांधकर दोपहर की नमाज में शामिल हुए। नमाज खत्म होने के बाद मस्जिद से बाहर निकले बड़ी संख्या में लोग, सरकार विरोधी नारे लगाते हुए मदीना मस्जिद की तरफ चल पड़े। सीओ कोतवाली के नेतृत्व में मौजूद पुलिस वालों ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन कुछ जिम्मेदार लोगों के आश्वासन पर पुलिस शांत हो गई। उधर नारे लगाती भीड़ मदीना मस्जिद के पास पहुंच गई और नागरिक सुरक्षा कोर के उप नियंत्रक सत्य प्रकाश सिंह और उनके सहयोगी विकास जालान पर हमला कर दिया। इसी बीच नखास चौराहे पर एकत्र हुए युवकों ने सरकार विरोधी नारे लगाने शुरू कर दिए। समझाने की कोशिश करने पर पुलिस वालों से हाथापाई करने लगे।

छतों पर पहले से रखे थे पत्‍थर, करने लगे पथराव

सख्ती करने पर उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। आसपास के घरों की छतों से भी पुलिस वालों पर पत्थर फेंके जाने लगे। छतों से अचानक शुरू हुए पथराव की वजह से एकबारगी तो पुलिस वालों को पीछे हटना पड़ा, लेकिन बाद में लाठीचार्ज कर और आंसू गैस के गोले छोड़कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पथराव में सिपाही सत्यम सिंह, संजीत और शक्ति सिंह घायल हो गए। सत्यम सिंह का हाथ टूट गया है। जिला अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। शांति व्यवस्था ड्यूटी में लगे अमीन अजय ओझा भी पथराव में घायल हुए।

11 उपद्रवी हिरासत में

इस संबंध में एसएसपी डा. सुनील गुप्‍त का कहना है कि दोपहर की नमाज के बाद कुछ युवकों ने जुलूस निकाला था। इस दौरान उपद्रवी तत्वों ने पुलिस पर पथराव किया। अभी तक 11 उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.